“सुभारती का राष्ट्रीय चरित्र सेवा, संस्कार और समर्पण पर आधारित”
रास बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय में राष्ट्रबोध व्याख्यान श्रृंखला के 11 वे चरण में 24 मार्च 2026 को शहीद दिवस अत्यंत गरिमा, श्रद्धा एवं राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया, तत्पश्चात उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा 2 मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम के क्रम में मेजर जनरल डॉ. जी. के. थपलियाल, निदेशक लोकप्रिया अस्पताल डॉ. जीवनआशा जी एवं कुलपति प्रो. हिमांशु ऐरन जी द्वारा प्रथम मुख्य विशिष्ट वक्ता श्री रविंद्र सैनी जी को पटका एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान उपरांत श्री सैनी जी ने “राष्ट्रबोध” विषय पर अपने विचार रखते हुए युवाओं को राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठ एवं जागरूक बनने का आह्वान किया।
इसके पश्चात प्रति कुलपति डॉ. देश दीपक जी, GBCM प्रधानाचार्य श्री अनिल मेहता जी एवं डॉ. बलवंत बोरा जी (विशेष कार्य अधिकारी, GBCM अस्पताल) द्वारा द्वितीय विशिष्ट वक्ता श्री रघुनाथ सिंह जी को पटका एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। अपने प्रेरक उद्बोधन में श्री रघुनाथ सिंह जी ने राष्ट्रभक्ति की भावना को जीवन में आत्मसात करने पर बल दिया।

कार्यक्रम के अगले चरण में डायरेक्टर जनरल मेजर जनरल डॉ. जी. के. थपलियाल का ओजस्वी एवं प्रेरणादायक व्याख्यान रहा। उन्होंने “राष्ट्रबोध की उपलब्धता” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रबोध प्रत्येक नागरिक के जीवन का अभिन्न अंग होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अनुशासन, समर्पण, सेवा भावना एवं कर्तव्यनिष्ठा को सशक्त राष्ट्र निर्माण का आधार बताया तथा शहीदों के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उनका संबोधन उपस्थित जनसमूह के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं मार्गदर्शक सिद्ध हुआ।
कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम संचालक एवं संस्कृति विभाग के सदस्य श्री रमन कृष्ण किमोठी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया तथा “आजाद हिंद गान” के साथ प्रथम सत्र के समापन की घोषणा की।

कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में डॉ. इमरान खान, डॉ. गीतिका एवं डॉ. संदीप ध्यानी श्री आशीष गागट जी द्वारा राष्ट्रबोध के विभिन्न आयामों पर छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया गया।
इस अवसर पर सचिव, संस्कृति विभाग श्री विनय सेमवाल जी, डीन एकेडमिक्स प्रो मनमोहन गुप्ता जी , अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो नीतिका कौशल एवं डॉ. पी. के. शर्मा परीक्षा नियंत्रक सहित प्रोफेसर अनेक छात्र छात्राएं एवं अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति एवं कर्तव्यबोध की भावना के साथ हुआ, जिसमें सभी ने शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।
