(मथुरा)(ए.के.शर्मा)
जनपद में कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने, त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने और गंभीर अपराधों का त्वरित अनावरण करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा ने सम्मानित किया।
सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन मथुरा स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कुल 34 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट कर्तव्यपरायणता और सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
सम्मानित पुलिसकर्मियों में हाईवे, राया, मेला सेल, यातायात, गोवर्धन, मांट, सदर, रिफाइनरी और बरसाना क्षेत्र में तैनात अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। पुलिसकर्मियों द्वारा अपहरण के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी कर बच्चे को सकुशल बरामद करने, पशु चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को पकड़ने तथा चोरी गए पशुओं की बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।
इसके अलावा 18 और 19 सितंबर को बरसाना में आयोजित राधाष्टमी एवं शिवपुराण कथा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में मेला सेल और पुलिस अधिकारियों के योगदान को भी सराहा गया। यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संभालने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
एसएसपी ने पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, मेहनत और प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे उत्कृष्ट कार्य पुलिस बल के अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायक हैं।

बॉक्स मे
सीओ रिफाइनरी के नेतृत्व मे हुए सराहनीय कार्यों को करने वाली पुलिस टीम की हुई खूब सराहना

पांच माह के मासूम की मुरैना से सकुशल बरामदगी

सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मथुरा जंक्शन से अपहृत पांच माह के मासूम को मुरैना से सकुशल बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की। संवेदनशील मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बच्चे को बरामद कर घटना का खुलासा किया।

दो करोड़ की हेरोइन के साथ अलीगढ़ के दो तस्कर दबोचे

पुलिस टीम ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब दो करोड़ रुपये कीमत की हेरोइन के साथ अलीगढ़ के दो तस्करों को गिरफ्तार किया। बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की बरामदगी पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।

25 लाख की टप्पेबाजी का शत-प्रतिशत खुलासा

‘बोनट में ऑयल डालो, बैग उड़ाओ’ जैसे टप्पेबाजी के तरीके से प्लाइवुड व्यापारी के साथ हुई 25 लाख रुपये की घटना का पुलिस ने खुलासा किया। पुलिस टीम ने आरोपियों तक पहुंचने के साथ घटना में गई रकम की शत-प्रतिशत बरामदगी की।

77 लाख के 550 ग्राम सोने की घटना सुलझाई

कोरियर कंपनी के मैनेजर से 550 ग्राम सोना, जिसकी कीमत करीब 77 लाख रुपये थी, लेकर युवक के फरार होने की घटना का भी पुलिस टीम ने सफल अनावरण किया। मामले में पुलिस कार्रवाई की सराहना की गई।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *