यूपी से मानूसन की विदाई के बावजूद बुधवार से तीन दिनों तक बादल छाए रहने की संभावना है। इससे कहीं-कहीं बूंदाबांदी की संभावना बन रही है। इसका पूर्वानुमान मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार को जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान में उतार चढ़ाव बना रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान स्थिर बना रहेगा। हालांकि, इस दौरान हवा के रुख में बदलाव होते रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम सेवा केंद्र के अधिकारी ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण बादलों के घनीभूत होने से कहीं-कहीं बूंदाबांदी और कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बन रही है। हालांकि, इसका असर तापमान पर भी पड़ सकता है। अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री तो न्यूनतम 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इस दौरान हवा का रुख पछिया से बदल कर पुरवा हो सकता है। इस बीच मंगलवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरे दिन करीब 8 किमी की गति से पुरवा हवा चली।

यूपी में मौसम तेजी से बदल रहा है। यही वजह है कि लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। सुबह और शाम के समय हवा चलने पर ठंड के आगमन का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग ने भी सात से 11 सितंबर तक मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक पूर्वानुमान की अवधि में कई स्थानों पर मेघगर्जन के तेज हवाएं चलने एवं हल्की वर्षा होने का अनुमान है।

पश्चिम यूपी में मौसम के तेवर लगातार बदल रहे हैं। मंगलवार को सुबह के समय आसमान में बादलों की आवाजाही रही, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही तीखी धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। पिछले कुछ दिनों से जारी उतार-चढ़ाव के बीच दोपहर की तेज धूप के चलते गर्मी का असर बढ़ गया। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि जल्द ही पारे में गिरावट शुरू होगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। मंगलवार सुबह की शुरुआत हल्की ठंडक और बादलों के साथ में हुई, जिससे मौसम सुहावना लग रहा था, लेकिन दोपहर होते-होते आसमान साफ हो गया और तेज धूप खिल गई। धूप की तपिश बढ़ते ही उमस और गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया, जिससे राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

दिनभर लोग पसीना पोंछते नजर आए। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले करीब एक सप्ताह से मौसम का रुख ऐसा ही बना हुआ है। सुबह और रात में हल्की ठंडक रहती है, जबकि दोपहर में चटक धूप परेशान कर रही है। मौसम विभाग के अनुसार वायुमंडल में पश्चिमी विक्षोभ और हवाओं के रुख में बदलाव के कारण तापमान में यह उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। आगामी दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे दोपहर की गर्मी से राहत मिलने लगेगी और सुबह-शाम की ठंड में बढ़ोतरी होगी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *