
नगर निगम के भूतेश्वर और वृंदावन जोन में हुई जनसुनवाई, एक शिकायत का मौके पर निस्तारण
(मथुरा)(ए.के.शर्मा)
जन शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री की पहल पर प्रत्येक मंगलवार आयोजित किए जा रहे “संभव” संतुष्टि एवं समृद्धि कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को नगर निगम मथुरा-वृंदावन में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण करने के निर्देश दिए।
भूतेश्वर स्थित नगर निगम कार्यालय में सुबह 10 बजे से अपर नगर आयुक्त श्रीमती सुनीता सिंह एवं अपर नगर आयुक्त श्रीमती प्रियंका सिंह ने जनसुनवाई की। वहीं वृंदावन जोन में सहायक नगर आयुक्त नीरज शर्मा तथा सिटी जोन के जनरल गंज कार्यालय में अवर अभियंता अजय कुमार द्वारा जनसुनवाई की गई।जनसुनवाई के दौरान नगर निगम के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं अधिकारी उपस्थित रहे। अपर नगर आयुक्तों ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
भूतेश्वर जोन में 10 शिकायतें प्राप्त
भूतेश्वर जोन में कुल 10 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें 04 शिकायतें सफाई व्यवस्था, 05 अतिक्रमण तथा 01 शिकायत प्रकाश विभाग से संबंधित रही। इनमें से सफाई विभाग से संबंधित एक शिकायत का निस्तारण कर दिया गया।
वृंदावन जोन में 7 शिकायतें
वृंदावन जोन में कुल 07 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें 05 शिकायतें जलकल विभाग, 01 निर्माण विभाग तथा 01 शिकायत प्रकाश विभाग से संबंधित रही।अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार परीक्षण करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।जनसुनवाई के दौरान अपर नगर आयुक्त श्रीमती प्रियंका सिंह, अपर नगर आयुक्त श्रीमती सुनीता सिंह, सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक, महाप्रबंधक जल मोहम्मद अनवर ख्वाजा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामगोपाल, अधिशासी अभियंता निर्माण अमरेंद्र गौतम, कर निर्धारण अधिकारी अरविंद, सहायक अभियंता जलकल हेमेंद्र गौतम, अवर अभियंता विद्युत/यांत्रिकी शैलेश सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
