उत्तर प्रदेश सरकार ने बुधवार को 20 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। इस ट्रांसफर में एडीजी से लेकर पुलिस अधीक्षक का कार्यभार बदला गया है।
शासन की ओर से जारी तबादला आदेश में 20 पुलिस अधिकारियों के नाम शामिल हैं। इनमें अपर पुलिस महानिदेशक स्तर के अधिकारियों से लेकर जिलों में तैनात पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी शामिल हैं।
तबादलों के साथ कई जिलों के पुलिस कप्तान भी बदल दिए गए हैं। प्रदेश के बाराबंकी के साथ बस्ती, जौनपुर, बलिया, मऊ, गाजीपुर, मुजफ्फरनगर, जालौन समेत कई जिलों के पुलिस अधीक्षक बदले गए हैं।
1996 बैच के आईपीएस ए. सतीश गणेश अब अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश के पद पर बने रहेंगे। उनके पास अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध का अतिरिक्त प्रभार भी था, जिसे अब अलग किया गया है। उन्हें केवल अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं 1998 बैच के आईपीएस भगवान एस. श्रीवास्तव अब अपर पुलिस महानिदेशक, तकनीकी सेवाएं के पद पर बने रहेंगे और उन्हें अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
आलोक राज नारायण को सहायक पुलिस अधीक्षक, हरदोई से अपर पुलिस अधीक्षक, मथुरा बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक/स्टाफ ऑफिसर टू डीजीपी पूर्णेंदु सिंह को पुलिस अधीक्षक, बागपत बनाया गया है। मधुवन कुमार सिंह को पुलिस अधीक्षक नगर, आजमगढ़ से पुलिस अधीक्षक, हापुड़ और सुरेश चंद्र रावत को अपर पुलिस अधीक्षक, मथुरा से पुलिस अधीक्षक, जालौन की जिम्मेदारी दी गई है।
