
(मथुरा)(ए.के.शर्मा)
जनपद मे हाल ही में हुई लूट की घटना के सफल अनावरण एवं मामले में प्रभावी कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम के सम्मान में लघु उद्योग भारती, मथुरा द्वारा पुलिस सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सम्मान समारोह में पुलिस प्रशासन की तत्परता, सूझबूझ, बेहतर टीमवर्क एवं अपराध के सफल अनावरण की सराहना करते हुए पुलिस अधिकारियों का अभिनंदन किया गया।
समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर राजीव कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बॉक्स मे
“मेरी पूरी पुलिस टीम है इस सफलता की असली हीरो”
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने लूट की घटना के सफल अनावरण का श्रेय अपनी पूरी पुलिस टीम को देते हुए कहा कि किसी भी अपराध के सफल खुलासे के पीछे पूरी टीम की मेहनत, धैर्य, समर्पण और बेहतर समन्वय होता है। उन्होंने अपनी पुलिस टीम को इस सफलता का “असली हीरो” बताते हुए सभी पुलिसकर्मियों के प्रयासों की सराहना की।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी पूरी तत्परता के साथ कार्य किया और घटना के अनावरण तक लगातार प्रयास जारी रखे। उन्होंने पूरी टीम का उत्साहवर्धन करते हुए उनके कार्य की प्रशंसा की।
बॉक्स मे
एसएसपी के धैर्यपूर्ण नेतृत्व से टीम को मिला प्रोत्साहन-डीएम
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के धैर्यपूर्ण नेतृत्व, निरंतर मार्गदर्शन एवं सकारात्मक सोच से पूरी टीम को इस तरह की चुनौतीपूर्ण घटनाओं के खुलासे के लिए प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने मथुरा पुलिस की कार्यशैली एवं टीम के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अपराध के सफल अनावरण से आमजन एवं व्यापारियों में सुरक्षा की भावना मजबूत होती है।
बॉक्स मे
पुलिस सम्मान से बढ़ता है जवानों का मनोबल
मुख्य अतिथि ने लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष अंकित बंसल एवं पूरी टीम द्वारा पुलिस सम्मान समारोह आयोजित किए जाने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के उत्कृष्ट कार्य को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करने से उनका मनोबल बढ़ता है तथा समाज और पुलिस के बीच विश्वास एवं सहयोग की भावना मजबूत होती है।मुख्य अतिथि ने लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष अंकित बंसल एवं संगठन की पूरी टीम का इस सम्मान समारोह के आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।
बॉक्स मे
व्यापारी सुरक्षा के लिए पुलिस-प्रशासन के साथ रहेगा समन्वय
लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष अंकित बंसल ने कहा कि व्यापारी एवं उद्यमी समाज की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी सुरक्षा एवं निर्भय वातावरण व्यापार और उद्योग के विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मथुरा पुलिस द्वारा लूट की घटना का सफल अनावरण कर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई किए जाने से व्यापारी वर्ग में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा कि लघु उद्योग भारती भविष्य में भी पुलिस एवं प्रशासन के साथ निरंतर संवाद, सहयोग एवं सकारात्मक समन्वय बनाए रखेगी।
मंडल सचिव सोनल अग्रवाल ने पुलिस अधिकारियों एवं पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों के सराहनीय कार्य को सम्मान देना समाज की जिम्मेदारी है।
समारोह में लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव दीपक अग्रवाल, जिलाध्यक्ष अंकित बंसल, मंडल सचिव सोनल अग्रवाल, विशाल बंसल, संजीव अग्रवाल, मोंटू मित्तल, श्री संजय जिंदल, तुषार अग्रवाल, विक्की धिंगरा, कृष्णकांत बेरीवाल, अशोक चौधरी एवं श्री अभिषेक वशिष्ठ सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
