संभल
संभल के अकबरपुर में विकास के नाम पर खानापूर्ति, मुख्य मार्ग मे भरा कीचड़।
संवाददाता संभल

संभल विकासखंड गुन्नौर क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर में स्वच्छता और विकास के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। गांव के मुख्य मार्ग से अंदर की ओर जाने वाले रास्ते पर गंदगी के बड़े-अंबार लगे हुए हैं, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ताजा तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि मुख्य मार्ग से सटे इस रास्ते पर लंबे समय से सफाई न होने के कारण कीचड़ के ढेर जमा हो गए हैं। गंदगी और उससे उठने वाली दुर्गंध के कारण पैदल चलने वालों का वहां से निकलना दुश्वार हो गया है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में विकास और साफ-सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते पर जमा गंदगी से संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। कई बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और पंचायत स्तर पर इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द रास्ते से गंदगी के ढेर हटवाए जाएं और नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।