ABP Southern Rising Summit: रेवंत रेड्डी बोले, ‘पीएम मोदी को हारने का डर, इसलिए वोट छीन रहे
इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक के वोट चोर, गद्दी छोड़ के नारे पर रेवंत रेड्डी ने कहा कि पीएम मोदी चुनाव आयोग का इस्तेमाल करते हैं. धर्म का इस्तेमाल करते हैं. गरीब का हक छीन रहे हैं.

एबीपी न्यूज़ के खास कार्यक्रम सदर्न राइजिंग समिट में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने एसआईआर का मुद्दा उठाते हुए बीजेपी पर वोट चोरी के आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि हमारा इतिहास है. राजा लोग तय नहीं करेगा की सरकार कौन चलाएगा. हमें इसके लिए वोट का अधिकार दिया गया. वो तय करेंगे कि सरकार किसकी होगी.
रेड्डी ने कहा, ”2014 में मोदी प्रधानमंत्री बने. पहले ईडी-सीबीआई का इस्तेमाल किया. इसके बाद ये लोग भाषा-जाति के नाम पर बांटने लगे. लोगों ने सुनना छोड़ दिया. डरना बंद कर दिए. जंतर-मंतर पर आंदोलन हुआ. मोदी जी को पता लग गया कि पीड़ित, दलित, गरीब, आदिवासी महिलाओं को वोट का हक मिला तो वो हारने वाले हैं. इसलिए उन्होंने दो तरह की जनता को तैयार किया. अमीर को वोट देने का अधिकार दिया. गरीब को हटा दिया.”