सिकंदराराऊ में 2027 के टिकट की दौड़ तेज, भाजपा-सपा-बसपा में दावेदारों ने झोंकी ताकत, किसके सिर सजेगा ताज
हाथरस। सिकंदराराऊ उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ ही सिकंदराराऊ 80 विधानसभा क्षेत्र में सियासी पारा चढ़ गया है। टिकट की दौड़ अब खुलकर सामने आ गई है। भाजपा, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी तीनों ही दलों में दावेदारों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। हर दावेदार खुद को सबसे मजबूत और जनता का सबसे करीब बता रहा है।

भाजपा में इस बार सबसे ज्यादा दावेदार मैदान में हैं। मौजूदा विधायक वीरेंद्र सिंह राणा तीसरी बार टिकट के लिए दावेदारी कर रहे हैं। उनके सामने पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान भी मजबूती से खड़े हैं। इसके अलावा समाजसेवी उदय पुंडीर, भाजपा नेता देवेंद्र राघव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष मुकेश चौहान, इंजीनियर अरुण सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष बृजेश सिंह चौहान, सुरेंद्र सिंह पुंडीर, अनिल सिसोदिया और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष आशीष शर्मा भी टिकट की दौड़ में शामिल हैं।
इनमें सबसे ज्यादा चर्चा श्रवण गंगा सेवा समिति के सचिव सूर्य प्रताप सिंह उर्फ सूरज भैया की हो रही है। वे लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क कर रहे हैं। समिति के माध्यम से वे अब तक 56 बार सैकड़ों बसों से लगभग पांच लाख श्रद्धालुओं को निशुल्क गंगा स्नान करा चुके हैं। सावन में हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा का उनका आयोजन भी काफी चर्चा में रहा। हाल ही में उन्होंने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की थी। उनके समर्थकों का कहना है कि मुख्यमंत्री ने उनके सामाजिक कार्यों की सराहना की थी।
समाजवादी पार्टी में भी टिकट के लिए कई बड़े नाम सामने आ रहे हैं। डॉ. ललित प्रताप बघेल, महेंद्र सिंह सोलंकी, डॉ. राकेश सिंह राणा, बनी सिंह बघेल और धीरज पांडे समेत कई दावेदार सक्रिय हैं। सपा के दावेदार भी गांवों में बैठकें कर रहे हैं और अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटे हैं। सपा खेमे का मानना है कि इस बार सिकंदराराऊ में सत्ता विरोधी लहर का फायदा उसे मिलेगा।
बसपा में फिलहाल हल्ला कम है, लेकिन उसकी रणनीति को कम नहीं आंका जा सकता। अवधेश कुमार सिंह और बनी सिंह बघेल जैसे पुराने नामों के साथ-साथ कई नए चेहरे भी अंदर ही अंदर तैयारी कर रहे हैं। बसपा का वोट बैंक अगर एकजुट हुआ तो वह किसी भी दल का समीकरण बिगाड़ सकता है। यही वजह है कि बसपा को लेकर भी सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हैं।
दावेदार चाहे कोई भी हो, जनता की नजर इस बार मुद्दों पर टिकी है। सिकंदराराऊ में जलभराव की समस्या, बस स्टैंड का अधूरा काम, टूटी सड़कें, पेयजल, बिजली, रोजगार और युवाओं के लिए अवसर जैसे मुद्दे सबसे बड़े हैं। लोगों का कहना है कि इस बार वे चेहरा नहीं, काम और व्यवहार देखकर वोट करेंगे। जो नेता जनता के बीच रहेगा, सुख-दुख में साथ खड़ा होगा, उसी को आशीर्वाद मिलेगा।
फिलहाल टिकट की जंग तेज है। लखनऊ से लेकर दिल्ली तक लॉबिंग चल रही है। हर दावेदार अपने-अपने आकाओं के दरवाजे खटखटा रहा है। अब सवाल यही है कि टिकट किसे मिलेगा, किसका रंग चढ़ेगा और किसकी दीवार पर चढ़ा रंग धुल जाएगा। यह तो समय ही बताएगा कि सिकंदराराऊ की इस हॉट सीट पर किस दल से किसे मौका मिलता है और जनता किसे अपना विधायक चुनती है।
रिपोर्टर अर्जुन
सिकंदरा राऊ