अनपरा-बिंढमगंज मार्ग के सर्वे कार्य को वन विभाग द्वारा रोके जाने का मामला को सीएम से प्रमुखता से विधायक ओबरा/राज्य मंत्री सजीव सिंह गौड़ ने उठाया ।

ब्यूरो रिपोर्ट- रोहित विश्वकर्मा
सोनभद्र। ज़िले के ओबरा विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री एवं ओबरा विधायक संजीव गोंड ने गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान अनपरा-बिंढमगंज मार्ग के सर्वे कार्य को वन विभाग द्वारा रोके जाने का मामला प्रमुखता से उठाया गया। जानकारी के अनुसार, लखनऊ स्थित अपने आवास पर राज्यमंत्री संजीव गोंड हिंदुस्तान अखबार में प्रकाशित सोनभद्र की खबर पढ़ रहे थे। खबर में अनपरा-बिंढमगंज मार्ग के सर्वे कार्य पर वन विभाग द्वारा रोक लगाए जाने का उल्लेख था। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात का कार्यक्रम तय किया। साथ ही ओबरा विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों तथा लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को गति देने के संबंध में पत्र भी तैयार कराया। इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचा। शाम करीब छह बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सुखद मुलाकात हुई। इस दौरान क्षेत्र की सड़क, विकास एवं अन्य जनसमस्याओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई तथा उनके समाधान के लिए पहल करने का आग्रह किया गया। प्रतिनिधिमंडल में बालकेश्वर सिंह, अनपरा मंडल अध्यक्ष प्रमोद शुक्ला और प्रथम श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर अनपरा-शक्तिनगर मार्ग को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई कि सड़क निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है तथा आगामी एक माह के भीतर निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है ! राज्यमंत्री संजीव गोंड एवं भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता की ओर से जनता को भरोसा दिलाया गया कि जनविश्वास पर खरा उतरना और जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे के समाधान के लिए जवाबदेही के साथ प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र के लंबित विकास कार्यों को गति देने तथा जनता की समस्याओं को शासन स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।