
प्रयागराज ग्रुप मुख्यालय एनसीसी के अंतर्गत 1 यूपी कंपोजिट टेक्निकल रेजिमेंट, प्रयागराज द्वारा आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी)-65, सत्र 2026 में यातायात जागरूकता विषय पर एक विशेष व्याख्यान एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित ट्रैफिक इंस्पेक्टर पवन कुमार पाण्डेय ने एनसीसी कैडेट्स को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित यातायात के महत्वपूर्ण मंत्र बताए। उन्होंने कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं कानूनी दायित्व है। हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की अवस्था में वाहन न चलाना तथा मोबाइल फोन का प्रयोग न करना जैसी सावधानियां अनेक दुर्घटनाओं को रोक सकती हैं।

उन्होंने प्रेरणादायी उद्बोधन एवं प्रभावशाली कविताओं के माध्यम से कैडेट्स को यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित किया तथा उन्हें समाज में यातायात जागरूकता के दूत के रूप में कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कैंप कमांडेंट कर्नल राजेश्वरी प्रसाद ने भी अपने संबोधन में सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एनसीसी कैडेट्स अनुशासन, जिम्मेदारी एवं सामाजिक जागरूकता के प्रतीक होते हैं। उन्होंने कैडेट्स से यातायात नियमों का स्वयं पालन करने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में कर्नल राजेश्वरी प्रसाद ने ट्रैफिक इंस्पेक्टर पवन कुमार पाण्डेय का आभार व्यक्त किया। इंस्पेक्टर यातायात पवन कुमार पाण्डेय को एवं साथ ही शिविर की विभिन्न गतिविधियों एवं जनहितकारी कार्यक्रमों को जनमानस तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में योगदान के लिए मधुकर पाण्डेय को स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मेजर डी.पी. गोस्वामी, कैंप सेकेंड इंचार्ज मेजर संतोष जायसवाल, लेफ्टिनेंट संतोष दुबे, लेफ्टिनेंट वैभव त्रिपाठी, लेफ्टिनेंट सुनील कुमार, लेफ्टिनेंट अनिल कुमार, सूबेदार मेजर आर.एन. झा, नायब सूबेदार रविंद्र काले, नायब सूबेदार रविशंकर, हवलदार जमोहन सिंह, हवलदार भूपेंद्र सिंह, हवलदार सुरजीत सिंह, हवलदार विमलेश, हवलदार राकेश कुमार, हवलदार परशुराम प्रताप सिंह, हवलदार राजेश शनि ग्राही, नितीश शुक्ल सहित एनसीसी स्टाफ एवं बड़ी संख्या में कैडेट्स उपस्थित रहे।
