डीएवी परासी में शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का भव्य शुभारंभ, ‘विजज्ञान’ प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र
81 शिक्षकों ने लिया प्रशिक्षण में हिस्सा, वैदिक मंत्रोच्चार एवं हवन-यज्ञ के साथ हुआ उद्घाटन; विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए नवाचारी शैक्षिक मॉडल

ब्यूरो रिपोर्ट – रोहित विश्वकर्मा
सोनभद्र। डीएवी कॉलेज प्रबंधकर्त्री समिति, नई दिल्ली के तत्वावधान तथा डीएवी शैक्षिक उत्कृष्टता केंद्र (DAV CAE) के निर्देशन में डीएवी पब्लिक स्कूल, परासी में दो दिवसीय कक्षा शिक्षण-अधिगम एवं गुणात्मक सुधार कार्यशाला का रविवार को भव्य शुभारंभ हुआ। 22 एवं 23 नवंबर को आयोजित इस कार्यशाला में यूपी जोन ‘डी’ के सात डीएवी विद्यालयों के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक स्तर के कुल 81 शिक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं।कार्यशाला का शुभारंभ ककरी/कृष्णशिला परियोजना के महाप्रबंधक (ई एंड एम) हरिओम मिश्रा के यजमानत्व में वैदिक मंत्रोच्चार एवं हवन-यज्ञ के साथ हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्टाफ ऑफिसर (मानव संसाधन) अरूप कुमार बराई, उप प्रबंधक विनोद कुमार यादव, सहायक शिक्षा अधिकारी एवं क्लस्टर इंचार्ज संध्या एल. पांडेय, प्राचार्य वीरेंद्र सिंह, राजकुमार, प्रभारी प्राचार्य अजय कुमार पाठक तथा विद्यालय की प्राचार्या एवं कार्यक्रम की आयोजक रचना दुबे सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि हरिओम मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक राष्ट्र के भविष्य के निर्माता होते हैं। शिक्षकों के ज्ञान एवं कौशल में निरंतर वृद्धि के लिए इस तरह की कार्यशालाएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इनके माध्यम से शिक्षक आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से परिचित होते हैं और कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावी बना सकते हैं। वहीं, संध्या एल. पांडेय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 एवं राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा-2023 के अनुरूप शिक्षण प्रक्रिया को व्यावहारिक, संवादात्मक और विद्यार्थी केंद्रित बनाने पर बल दिया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत बहुविषयक शैक्षिक प्रदर्शनी ‘विजज्ञान’ (VIJGYAN) रही। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर आधारित वैज्ञानिक मॉडल, शोधपरक परियोजनाएं, प्रयोगात्मक मानचित्र एवं रचनात्मक प्रतिरूप प्रस्तुत किए। इन नवाचारी प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता एवं विषयों की व्यावहारिक समझ का शानदार प्रदर्शन किया। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की तथा शिक्षकों के मार्गदर्शन को भी सराहा। कार्यशाला के प्रथम दिन हिंदी, सामाजिक विज्ञान, गणित, अकाउंटेंसी, बिजनेस स्टडीज एवं अर्थशास्त्र विषयों के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने विभिन्न शैक्षिक सत्रों के माध्यम से शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया। इन सत्रों में योग्यता आधारित शिक्षा, अनुभवात्मक अधिगम, कला एकीकृत शिक्षण, रचनात्मक मूल्यांकन तथा डिजिटल तकनीक के प्रभावी उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। समूह चर्चा एवं संवादात्मक गतिविधियों के जरिए शिक्षकों ने कक्षा शिक्षण के दौरान आने वाली चुनौतियों और उनके व्यावहारिक समाधानों पर अपने विचार साझा किए। शैक्षिक सत्रों के समापन के बाद शाम को विद्यालय की प्राचार्या रचना दुबे के निर्देशन में सांस्कृतिक नाट्य एवं संगीत कार्यक्रम ‘लीप’ (LEAP) का आयोजन किया गया। विद्यालय के संगीत शिक्षक डॉ. गौरव मिश्रा के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नृत्य, संगीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों ने अतिथियों और कार्यशाला में शामिल शिक्षकों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यशाला के दूसरे एवं अंतिम दिन 23 नवंबर को शेष तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके पश्चात समापन समारोह के साथ दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत समापन होगा।