टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब निर्णायक चरण में पहुंच चुका है। ग्रुप स्टेज का खेल लगभग समाप्त हो गया है और सुपर-8 में पहुंचने वाली सभी टीमों के नाम तय हो चुके हैं। इसके साथ ही अंतिम आठ के लिए दोनों ग्रुप भी बन चुके हैं और इस राउंड का पूरा शेड्यूल सामने आ चुका है। इसी बीच एक दिलचस्प संयोग चर्चा में है, जो ऑस्ट्रेलिया के ग्रुप स्टेज से बाहर होने और पाकिस्तान के विश्व चैंपियन बनने से जुड़ा हुआ है।

यह संयोग कोई नया नहीं, बल्कि पिछले 34 वर्षों से चला आ रहा है। दरअसल, जब-जब किसी आईसीसी टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलियाई टीम ग्रुप स्टेज से बाहर हुई है, तब-तब पाकिस्तान ने उसी टूर्नामेंट में खिताब अपने नाम किया है। यह अनोखा इत्तेफाक वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी—तीनों बड़े आईसीसी टूर्नामेंट में एक-एक बार देखने को मिल चुका है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या ऑस्ट्रेलिया की विदाई में ही पाकिस्तान की जीत का राज छिपा है?

1992 वर्ल्ड कप
पाकिस्तान ने अपना पहला आईसीसी खिताब 1992 के वनडे वर्ल्ड कप में जीता था। उस समय टीम की कप्तानी इमरान खान कर रहे थे। खास बात यह रही कि उस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया की टीम ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाई थी।

2009 टी20 वर्ल्ड कप
पाकिस्तान ने अपना इकलौता टी20 वर्ल्ड कप 2009 में युनुस खान की कप्तानी में जीता। इस टूर्नामेंट में भी ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले ही राउंड में बाहर हो गई थी।

2017 चैंपियंस ट्रॉफी
2017 की चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान ने फाइनल में भारत को हराकर खिताब अपने नाम किया था। इस जीत के दौरान टीम की कमान सरफराज अहमद के हाथों में थी। यहां भी ऑस्ट्रेलिया ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गया था।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान ने चार में से तीन मुकाबले जीतकर सुपर-8 में जगह बनाई। हालांकि भारत के खिलाफ उसे 61 रनों से करारी हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद पाकिस्तान किसी तरह तीन जीत हासिल करते हुए अगले दौर में पहुंचने में सफल रहा। सुपर-8 में पाकिस्तान को ग्रुप-2 में रखा गया है, जहां न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और श्रीलंका जैसी मजबूत टीमें मौजूद हैं। ऐसे में आगे की राह आसान नहीं मानी जा रही।

अगर पाकिस्तान को चैंपियन बनना है, तो उसे अब लगातार पांच मुकाबले जीतने होंगे। इनमें तीन मैच सुपर-8 चरण में, एक सेमीफाइनल और एक फाइनल शामिल है। सुपर-8 में पाकिस्तान अपना पहला मैच 21 फरवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ, दूसरा मुकाबला 24 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ और तीसरा मैच 28 फरवरी को श्रीलंका के खिलाफ खेलेगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *