18 फरवरी की ‘सूफी म्यूजिकल नाइट’ रहेगी विशेष आकर्षण

देहरादून।

रास बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय में आयोजित ‘सुभारती महोत्सव 2026’ के अंतर्गत आज ऊर्जा, उत्साह और रचनात्मकता से परिपूर्ण वातावरण में विभिन्न साहित्यिक, खेल एवं सृजनात्मक प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। परिसर में सुबह से ही विद्यार्थियों के भीतर सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और अनुशासन की झलक स्पष्ट दिखाई दी।

प्रातः आयोजित मिनी मैराथन इस वर्ष विशेष संदेश के साथ संपन्न हुई। इसकी थीम रही — “नशा मुक्त भारत — स्वस्थ आहार अपनाएँ, स्वस्थ जीवन जीएँ”। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करना तथा संतुलित जीवनशैली और स्वास्थ्य के प्रति प्रेरित करना था।

मैराथन को कुलपति प्रो. डॉ. हिमांशु ऐरन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उनके साथ प्रति कुलपति एवं ऑर्गनाइजिंग चेयरमैन डॉ. देश दीपक, एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर डॉ. रवींद्र प्रताप सिंह तथा स्थानीय पुलिस अधिकारी श्री पी.एस नेगी उपस्थित रहे। सभी गणमान्य अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वस्थ और अनुशासित जीवन अपनाने का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने खेल भावना के साथ बढ़-चढ़कर भाग लिया और पूरे उत्साह से दौड़ पूर्ण की।

मिनी मैराथन में बालक वर्ग में बी. फार्मा प्रथम वर्ष के अमन धीमान, बीएमएलटी द्वितीय वर्ष के तौसीम तथा जीएनएम प्रथम वर्ष के सुजीत कुमार ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। वहीं बालिका वर्ग में बीओपीटी प्रथम वर्ष की नंदनी बिष्ट, एमपीटी द्वितीय वर्ष की अंजलि यादव और बी.एससी नर्सिंग तृतीय वर्ष की लबसांग रोमा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।

नशा मुक्त भारत

साहित्यिक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला। वाद-विवाद प्रतियोगिता में अंशुमान, कियान और सिमरन की तार्किक प्रस्तुतियाँ सराही गईं। स्लोगन लेखन में बीएफए प्रथम वर्ष की स्नेहा मित्तल और बीएनवाईएस चतुर्थ वर्ष के पवांदीप की रचनात्मक सोच प्रशंसनीय रही, जबकि खुशी शर्मा ने भी प्रभावी अभिव्यक्ति से विशेष स्थान प्राप्त किया। एक्सटेम्पोर प्रतियोगिता में किरण कुनियाल और आशिफ ने आत्मविश्वासपूर्ण वक्तृत्व से दर्शकों की सराहना अर्जित की, वहीं उत्तम कुमार एवं गुंजन की संयुक्त प्रस्तुति ने सभागार को तालियों से गुंजायमान कर दिया।

फेस पेंटिंग, इंडियन फोक आर्ट, मेहंदी, डीआईवाई क्राफ्ट और वॉल ग्रैफिटी जैसी गतिविधियों में विद्यार्थियों ने अपनी सृजनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। फाइन आर्ट्स कॉलेज और मल्टी पर्पज हॉल दिनभर रचनात्मक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र बने रहे।

नशा मुक्त भारत

कुलपति डॉ. ऐरन ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह महोत्सव विश्वविद्यालय एवं सुभारती समूह के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. अतुल कृष्ण के राष्ट्रवादी चिंतन, विकासोन्मुख दृष्टिकोण और आधुनिक शिक्षा के विज़न को साकार करता है। उनके मार्गदर्शन में सुभारती समूह शिक्षा को राष्ट्र निर्माण, सांस्कृतिक संरक्षण और तकनीकी उन्नति से जोड़ने का सतत प्रयास करता रहा है।

‘सुभारती महोत्सव 2026’ खेल, साहित्य और कला के माध्यम से राष्ट्रशक्ति, वैचारिक समृद्धि और सांस्कृतिक चेतना का समन्वय प्रस्तुत कर रहा है।

महोत्सव के अंतर्गत 18 फरवरी सायं 7 बजे आयोजित होने वाली ‘सूफी म्यूजिकल नाइट’ इस वर्ष का विशेष आकर्षण रहेगी। अंतरराष्ट्रीय कलाकार सनावर अली खान एवं मोहम्मद शारुख अपनी सूफियाना प्रस्तुतियों से मुख्य मंच पर संगीतमय वातावरण सृजित करेंगे। यह संध्या विश्वविद्यालय परिवार एवं शहरवासियों के लिए यादगार सिद्ध होने की संभावना है।

ज्ञान, संस्कृति, खेल और आधुनिक सोच का समन्वय प्रस्तुत करता ‘सुभारती महोत्सव 2026’ आगामी दिनों में फैशन शो, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ और भी रंगारंग रूप में आगे बढ़ेगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *