भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने चारों मुकाबले जीते और सुपर-8 में जगह पक्की की। टीम इंडिया बिना कोई मैच गंवाए अगले दौर में पहुंची है। सुपर-8 में भारत का पहला मुकाबला टूर्नामेंट की दूसरी अजेय टीम साउथ अफ्रीका से होगा, जिसे लेकर मुकाबला काफी रोमांचक माना जा रहा है।
भारत और साउथ अफ्रीका दोनों ही टीमें पिछले टी20 वर्ल्ड कप की फाइनलिस्ट रह चुकी हैं। भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर खिताब अपने नाम किया था। अब सुपर-8 में एक बार फिर दोनों टीमें आमने-सामने होंगी, जहां कड़ी टक्कर देखने की उम्मीद है।
ग्रुप स्टेज में भारत ने ग्रुप ए से यूएसए, नामीबिया, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स को हराते हुए अंतिम आठ में प्रवेश किया। वहीं, साउथ अफ्रीका ने ग्रुप डी से कनाडा, अफगानिस्तान, न्यूजीलैंड और यूएई को मात देकर सुपर-8 का टिकट हासिल किया।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबलों की शुरुआत 21 फरवरी से होगी। टीम इंडिया इस चरण में अपना पहला मैच 22 फरवरी (रविवार) को साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी। दोनों टीमों को सुपर-8 के ग्रुप 1 में रखा गया है। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच यह अहम मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
यह सुपर-8 मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 6:30 बजे होगा। भारत बनाम साउथ अफ्रीका मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर किया जाएगा। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।
भारतीय टीम:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), इशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, संजू सैमसन, वाशिंगटन सुंदर।
साउथ अफ्रीका टीम:
ऐडेन मार्कराम (कप्तान), कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, क्विंटन डी कॉक, डेविड मिलर, मार्को यान्सन, जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, क्वेना मफाका, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्खिया, कगिसो रबाडा, रियान रिकल्टन, जेसन स्मिथ, ट्रिस्टन स्टब्स।
