आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म धुरंधर ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त रिकॉर्ड कायम किया था। फिल्म की शानदार कमाई को देखते हुए मेकर्स ने जल्द ही इसके सीक्वल का ऐलान कर दिया। पहले पार्ट की दमदार कहानी और शानदार अभिनय को दर्शकों से खूब सराहना मिली थी। खासतौर पर रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना के किरदार चर्चा का केंद्र बने रहे। अब इसी बीच धुरंधर 2 को लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आई है। फिल्म को सेंसर बोर्ड से हरी झंडी मिल चुकी है और इसके साथ ही रनटाइम व कहानी से जुड़ी अहम जानकारियां भी सामने आ गई हैं।
दिसंबर 2025 में रिलीज हुई धुरंधर ने न सिर्फ सिनेमाघरों में बल्कि ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी जबरदस्त धमाल मचाया था। थिएटर और डिजिटल दोनों जगह फिल्म का क्रेज सिर चढ़कर बोला। ऐसे में धुरंधर 2 को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट भी चरम पर है, हालांकि अब तक इससे जुड़ी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई थी। लेकिन अब रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म के सीक्वल को लेकर कुछ दिलचस्प खुलासे हुए हैं।
हाल ही में मेकर्स ने धुरंधर 2 का टीजर भी शेयर किया था, जिसमें लगभग वही फुटेज देखने को मिली थी, जिसके जरिए पहले पार्ट के अंत में सीक्वल की घोषणा की गई थी। इसी बीच अब सेंसर बोर्ड से जुड़ी डिटेल्स सामने आ चुकी हैं। गौरतलब है कि धुरंधर का पहला पार्ट करीब 3 घंटे 34 मिनट लंबा था, जिस पर क्रिटिक्स और दर्शकों ने सवाल भी उठाए थे।
CBFC की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, 9 फरवरी को धुरंधर 2 को सर्टिफिकेशन मिल चुका है। सामने आया है कि फिल्म का दूसरा पार्ट पहले से थोड़ा छोटा होगा। हालांकि फर्क ज्यादा नहीं है, क्योंकि फिल्म का रनटाइम 3 घंटे 28 मिनट बताया गया है।
इसके अलावा एक और अहम जानकारी यह सामने आई है कि धुरंधर 2 को U/A 16+ सर्टिफिकेट मिला है। पहले पार्ट के बाद यह अनुमान लगाया जा रहा था कि सीक्वल में हिंसा और ज्यादा देखने को मिलेगी, लेकिन सेंसर बोर्ड की रेटिंग से साफ हो गया है कि दूसरे पार्ट में पहले के मुकाबले कम खून-खराबा दिखाया जाएगा।
