सोशल मीडिया पर दिखने वाली लग्जरी गाड़ियों की चकाचौंध कई बार युवाओं को गलत राह पर ले जाती है। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र से सामने आया है, जहाँ काले रंग की थार खरीदने की चाह में चार नाबालिग दोस्तों ने अपने ही पड़ोसी के घर से 20 लाख रुपये चोरी कर लिए। हालांकि, वाहन खरीदने से पहले ही पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए सभी आरोपियों को पकड़ लिया और चोरी की पूरी रकम भी बरामद कर ली।
यह घटना जेवर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बनी इसराइल की है। यहाँ रहने वाले किसान पार्श्व कुमार ने पुलिस को बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले अपना एक खेत बेचा था। खेत बेचकर मिली रकम से वे नया मकान बनवाने की तैयारी कर रहे थे। निर्माण कार्य शुरू न होने के कारण उन्होंने 20 लाख रुपये घर की अलमारी में ही रखे हुए थे।
घटना वाले दिन शुक्रवार को पार्श्व कुमार का परिवार किसी काम से बाहर गया हुआ था। शाम के समय वे भी जिम चले गए थे। जब रात करीब पौने दस बजे वे घर लौटे, तो अलमारी खुली मिली और उसमें रखे रुपये गायब थे। घर में चोरी होने का एहसास होते ही उन्होंने तुरंत जेवर कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक नाबालिग संदिग्ध रूप से घर के आसपास घूमता हुआ नजर आया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद पूरी चोरी की साजिश का खुलासा हो गया।
पूछताछ में सामने आया कि चार नाबालिग दोस्त मिलकर दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए थे और अलमारी से 20 लाख रुपये लेकर फरार हो गए थे। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे काले रंग की थार खरीदना चाहते थे और सोशल मीडिया पर लगातार देखे जा रहे वीडियो ने उनके मन में यह जुनून पैदा कर दिया था। इसी लालच में उन्होंने चोरी जैसा अपराध कर डाला।
पुलिस ने चारों नाबालिगों को अपनी अभिरक्षा में लिया और चोरी की गई पूरी रकम सुरक्षित रूप से बरामद कर ली। शनिवार को सभी आरोपियों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया गया। अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई किशोर न्याय बोर्ड द्वारा की जाएगी।
ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि यह मामला युवाओं में बढ़ते दिखावे और सोशल मीडिया के गलत प्रभाव को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि पुलिस की तत्परता से न केवल आरोपियों को जल्दी पकड़ा गया, बल्कि पीड़ित की पूरी रकम भी वापस दिलाई गई।
वहीं, पीड़ित किसान पार्श्व कुमार ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया और कहा कि समय पर कार्रवाई न होती तो उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ सकता था।
