प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी महीने अमेरिका के ऐतिहासिक दौरे पर जाने वाले हैं। वे दूसरी बार अमेरिकी संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति 22 जून को व्हाइट हाउस में पीएम मोदी के सम्मान में राजकीय रात्रिभोज (डिनर) रखेंगे।

पीएम मोदी के दौरे से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भी व्हाइट हाउस जाने की चर्चा है। कहा जा रहा है कि राहुल गांधी ने व्हाइट हाउस में कुछ शीर्ष अमेरिकी नेताओं के साथ ‘सीक्रेट’ मीटिंग की थी। दरअसल राहुल गांधी हाल ही में अमेरिका दौरे पर थे। जहां उन्होंने कई सभाएं कीं और भारतीय समुदाय के लोगों के साथ चर्चा की।

किससे मिले राहुल गांधी?

द इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष ने अपनी यात्रा के दौरान शिक्षाविदों, तकनीकी विशेषज्ञों और थिंक टैंकों के अलावा अमेरिकी विदेश विभाग में दक्षिण एशिया के सहायक विदेश मंत्री डोनाल्ड लू सहित वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों से भी मुलाकात की। रिपोर्ट के मुताबिक, “वह कथित तौर पर व्हाइट हाउस भी गए थे। कुछ अजीब कारणों से बैठकों को गुप्त रखा गया है। लेकिन जो बाइडन प्रशासन ने स्पष्ट रूप से एक विपक्षी नेता के लिए दरवाजा बंद नहीं किया।” राहुल गांधी के कथित व्हाइट हाउस दौरे को लेकर न तो अमेरिका और न ही कांग्रेस पार्टी की ओर से कोई बयान जारी किया गया है।

कौन हैं डोनाल्ड लू?

डोनाल्ड लू हाल के दिनों में एक विवादित नाम रहे हैं, खासतौर से पाकिस्तान के लिए। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने अपनी सरकार गिराए जाने के पीछे डोनाल्ड लू का नाम लिया था। डोनाल्ड लू साउथ और असिस्टेंट सेक्रेटरी ऑफ स्टेट फॉर साउथ एंड सेंट्ल एशियन अफेयर हैं। सीधे शब्दों में कहें तो जो बाइडन प्रशासन ने उन्हें दक्षिण और सेंट्रल एशियाई देशों में अमेरिकी नीतियां, अमेरिकी एजेंडे को लागू करने का जिम्मा सौंपा है। इमरान खान ने ये कहकर सनसनी फैला दी थी कि अमेरिका का एक डिप्लोमैट उनकी सरकार गिराने की साजिश में शामिल था। उन्होंने खुले तौर पर डोनाल्ड लू का नाम लिया था।

अमेरिका में भारत के लोकतंत्र पर क्या बोले राहुल?

अमेरिका के छह दिवसीय दौरे पर गए राहुल गांधी ने कहा था कि भारत के लोकतंत्र से ‘‘पूरी दुनिया का लोकहित’’ जुड़ा है और यदि इसमें ‘‘बिखराव’’ होता है तो इसका असर पूरे विश्व पर पड़ेगा। हालांकि उन्होंने साथ ही कहा कि लोकतंत्र देश का आंतरिक मामला है। उन्होंने यहां बृहस्पतिवार को ‘नेशनल प्रेस क्लब’ में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘भारत में लोकतंत्र के लिए लड़ाई लड़ना हमारा काम है और यह एक ऐसी चीज है, जिसे हम समझते हैं, जिसे हम स्वीकार करते हैं और जो हम करते हैं।’’ गांधी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि भारत और अमेरिका के संबंधों को विस्तार देने की आवश्यकता है और ये केवल रक्षा संबंधों तक ही सीमित नहीं होने चाहिए।

भाजपा का राहुल पर कटाक्ष

इस हफ्ते की शुरुआत में, भाजपा ने राहुल गांधी पर कटाक्ष किया और कहा कि यह “विडंबना” है कि जब वह “बेशर्मी” से अपनी अमेरिकी यात्रा के दौरान भारत के लोकतंत्र की आलोचना कर रहे हैं तभी, व्हाइट हाउस कहता है कि भारत एक जीवंत लोकतंत्र है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम ने कहा कि यह कांग्रेस के ‘युवराज’ पर करारा तमाचा है। व्हाइट हाउस ने सोमवार को कहा कि भारत एक जीवंत लोकतंत्र है और वहां जाने वाला कोई भी व्यक्ति इसे खुद महसूस कर सकता है। भारत में लोकतंत्र की स्थिति पर चिंताओं को प्रत्यक्ष तौर पर खारिज करते हुए व्हाइट हाउस ने यह बात कही। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस महीने के अंत में अमेरिका की यात्रा करने वाले हैं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *