पति पर पत्नी की बेरहमी से हत्या करने का आरोप, घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
ब्यूरो रिपोर्ट – रोहित विश्वकर्मा

सोनभद्र। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर पिपरडीह गांव में पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान देवंती देवी के रूप में हुई है। आरोप है कि पति रामकरण पुत्र स्व. मानदीप चेरो ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने सुबह करीब छह बजे गांव पहुंचकर ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह गोंड को इसकी जानकारी दी। उसने अपने परिजनों को भी पत्नी की हत्या करने की बात बताई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटनास्थल से लोहे की कटारी और लोहे की रॉड बरामद हुई है। मृतका के शरीर पर कई गंभीर चोटों, कटने के निशान और दागे जाने के जख्म पाए गए हैं। बताया जा रहा है कि खाना बनाने के दौरान पति ने पत्नी के साथ मारपीट की थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतका के बच्चों के अनुसार, उनके पिता अक्सर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करते थे और सभी को परेशान करते थे। इसी वजह से बच्चे अपनी नानी, मौसी और अन्य रिश्तेदारों के यहां रहने को मजबूर थे। घर में केवल पति – पत्नी ही रहते थे। परिवार में भाई राकेश, राजेश, अखिलेश तथा बहनें सुमन, किरण, रीना, पूजा और प्रियंका हैं। इनमें किरण और सुमन की शादी हो चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल अमित मिश्रा, कस्बा चौकी प्रभारी संजय सिंह, सीओ पिपरी हर्ष पांडेय, एसएसआई अंगद तिवारी और एसआई श्यामजी यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया, वहीं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। इस संबंध में सीओ हर्ष पांडेय ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए गए हैं और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।