सीओ रिफाइनरी प्रवीण तिवारी की सतर्कता से खुली फर्जी ईडी अधिकारी की पोल, दो साल से वर्दी के रौब में लोगों को दे रहा था धोखा -नीली बत्ती लगी कार से चलता था जालसाज, पुलिस अधिकारियों को भी अपनी कहानी में उलझाया; सीओ ने सूझबूझ से किया फर्जीवाड़े का पर्दाफाश (मथुरा)(ए.के.शर्मा) खुद को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का असिस्टेंट डायरेक्टर बताकर करीब दो वर्षों से लोगों पर रौब झाड़ रहे शातिर जालसाज का तेज तर्रार

सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी ने अपनी सूझबूझ, सतर्कता और बेहतरीन पुलिसिंग से पर्दाफाश कर दिया। नीली बत्ती लगी कार में घूमने वाला आरोपी अपनी फर्जी पहचान के दम पर लोगों को प्रभावित कर रहा था। यहां तक कि उसकी आत्मविश्वास से भरी बातों में पुलिस अधिकारी भी शुरुआत में आ गए, लेकिन सीओ रिफाइनरी को उसकी कहानी में कुछ गड़बड़ी महसूस हुई तो उन्होंने मामले की गहराई से जांच कर सच्चाई सामने ला दी।
पुलिस उपाधीक्षक प्रवीण कुमार तिवारी के मुताबिक, नगला बर (दीनदयाल धाम) निवासी सचिन शर्मा दो दिन पहले उनके कार्यालय पहुंचा था। बातचीत के दौरान उसने खुद को ईडी का असिस्टेंट डायरेक्टर बताते हुए अपनी नियुक्ति का पूरा किस्सा सुनाया। आरोपी ने बताया कि उसने वर्ष 2023 में यूपीएससी की मुख्य परीक्षा दी थी, लेकिन साक्षात्कार में सफल नहीं हो सका। इसके बाद प्रतिमा पोर्टल के माध्यम से साक्षात्कार देकर उसकी तमिलनाडु में ईडी के असिस्टेंट डायरेक्टर पद पर नियुक्ति हो गई। बाद में उसका तबादला लखनऊ कर दिया गया और अब वह मथुरा में रह रहा है।
सीओ रिफाइनरी के शक ने खोल दी जालसाज की पोल
आरोपी जिस आत्मविश्वास के साथ अपनी नियुक्ति की कहानी सुना रहा था, उससे शुरुआत में उसकी बातों पर विश्वास हो गया, लेकिन सीओ प्रवीण तिवारी की अनुभवपूर्ण नजरों से उसकी कहानी की संदिग्ध बातें छिप नहीं सकीं। उन्होंने बिना किसी जल्दबाजी के आरोपी के दावों का सत्यापन करने का निर्णय लिया।
सबसे पहले वर्ष 2023 की यूपीएससी परीक्षा का परिणाम डाउनलोड कर आरोपी के नाम की जांच की गई। परिणाम में उसका नाम नहीं मिला तो सीओ का संदेह और गहरा हो गया। इसके बाद उन्होंने सीधे प्रवर्तन निदेशालय के डिप्टी डायरेक्टर से फोन पर संपर्क कर आरोपी की नियुक्ति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। वहां से साफ कर दिया गया कि सचिन शर्मा नाम का कोई अधिकारी ईडी में तैनात नहीं है।
इस तरह सीओ रिफाइनरी प्रवीण तिवारी ने अपनी सूझबूझ और त्वरित सत्यापन के जरिए करीब दो वर्षों से चल रहे फर्जीवाड़े का पर्दाफाश कर दिया।
आईआरएस अधिकारी का नाम लेकर भी जमाता था धाक
जांच में सामने आया कि आरोपी मथुरा निवासी आईआरएस अधिकारी मनु टेंटीवाल का नाम भी अपनी बातचीत में लेता था, ताकि लोगों के बीच अपनी पहचान और प्रभाव बढ़ा सके। नीली बत्ती लगी कार और ईडी अधिकारी होने का झूठा दावा उसकी पहचान का हिस्सा बन चुका था।
सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी की प्रभावी कार्रवाई के बाद फर्जी अधिकारी की सारी हेकड़ी निकल गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी की इस कार्रवाई ने यह साबित कर दिया कि पुलिस की सतर्कता, सूझबूझ और सही समय पर की गई जांच के सामने कितना भी शातिर जालसाज क्यों न हो, उसकी असलियत सामने आ ही जाती है।