उत्तर प्रदेश की राजनीति में पूर्वांचल की घोसी विधानसभा सीट उपचुनाव में देश भर में चर्चा का विषय बनने के बाद हाई-प्रोफाइल सीटों में शामिल हो गई है। योगी की पिछली सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे दारा सिंह चौहान ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अचानक इस्तीफा दिया औऱ सपा में शामिल हो गए थे। सपा ने घोसी से उन्हें टिकट दिया और वह विधायक भी बने। चुनाव बाद सपा की सरकार नहीं बनी तो दोबारा भाजपा में शामिल हो गए। ऐसे में घोसी सीट से इस्तीफा दे दिया। उपचुनाव में भाजपा ने दारा सिंह पर ही दांव लगा दिया। सपा ने इसे अपना इगो बनाया तो भाजपा ने मंत्रियों की फौज उतार दी। इसके बाद भी दारा सिंह चौहान सूबे में अपनी सरकार होने के बाद भी चुनाव हार गए। अगले चुनाव में भी पूरी संभावना है कि भाजपा उन्हीं पर दोबारा दांव लगा दे।
घोसी सीट के इतिहास की बात करें तो कभी ‘लाल झंडे’ यानी वामपंथ का सबसे मजबूत किला मानी जाती थी। समय के साथ घोसी का राजनीतिक मिजाज बदला। इस सीट पार्टी की जगह प्रत्याशियों को ही ज्यादा तवज्जो दी है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण फागू चौहान हैं। वह एक दो नहीं चार दलों के अलग-अलग समय मैदान में उतरे और जीत कर विधायक बने। विधायक रहते ही भाजपा ने उन्हें बिहार का राज्यपाल बना दिया।