टक्कर के बाद तेज रफ्तार में भागा टेंपो, नगला जलाल में पलटा; महिला गंभीर घायल

सिकंदराराऊ। मंगलवार शाम करीब आठ बजे टिकरी खुर्द गांव के पास मोटरसाइकिल और टेंपो के बीच टक्कर हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार घायल हो गया। बताया जाता है कि टक्कर के बाद टेंपो चालक मोटरसाइकिल सवार से बचने के चक्कर में टेंपो को तेज गति से भगाने लगा। टेंपो चालक नाई नगला ताहर का रहने वाला बताया जा रहा है।
तेज रफ्तार टेंपो जैसे ही नगला जलाल गांव के पास पहुंचा, अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। टेंपो में सवार सवारियों में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया गया है कि टेंपो में सवार सवारियां और घायल महिला टिकरी खुर्द गांव के रहने वाले थे।
इधर, टक्कर में घायल मोटरसाइकिल सवार भी टेंपो का पीछा करते हुए नगला जलाल तक पहुंच गया। टेंपो पलटने के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और कुछ देर विवाद की स्थिति बनी रही। मौके पर मौजूद भीड़ और ग्रामीणों ने दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता कर मामला शांत कराया।
इसके बाद ग्रामीणों की मदद से घायल महिला और मोटरसाइकिल सवार को सीएचसी सिकंदराराऊ भेजा गया, जहां दोनों का उपचार कराया गया।
रिपोर्टर अर्जुन
सिकंदरा राऊ