
मथुरा पुलिस ने 25 लाख के टप्पेबाज को दिल्ली से गिरप्तार कर किया पर्दाफाश
-टप्पेबाज से शत प्रतिशत 25 लाख की बरामदगी कर जनता मे जगाया विश्वास का प्रकाश – सिम्स हॉस्पिटल के पास व्यापारी से लूटी थी 25 लाख की रकम, 5 दिन बाद स्वॉट-एसओजी की रडार पर आया शातिर, बरामद हुई जिक्सर बाइक
ए.के शर्मा
(मथुरा)
हाईवे पर टप्पेबाजी करके लाखों उड़ाने वालों के लिए खतरे की घंटी बनी थाना हाईवे, सर्विलांस, साइबर, स्वॉट और एसओजी की संयुक्त टीम ने 25 लाख की टप्पेबाजी का मामला सिर्फ 5 दिन में ट्रेस कर डाला। दिल्ली का शातिर टप्पेबाज पुलिस के हत्थे चढ़ा और सबसे बड़ी बात यह है कि पूरा पैसा शत-प्रतिशत हुआ बरामद।शातिर प्लान के साथ मात खाए शातिर टप्पेबाजों से जुड़ी यह घटना 20 जुलाई शाम 6 बजे की है, जब चंद्रा प्लाईवुड व्यापारी का कर्मचारी कार यूपी 85 बीवाई 0740 में 25 लाख नकद लेकर गोविंद नगर जा रहा था। आरोपी पहले से गोवर्धन चौराहे पर कार के बोनट में ऑयल डाल चुके थे। सिम्स हॉस्पिटल के पास पहुंचते ही बाइक सवार 2 बदमाशों ने ओवरटेक कर इशारा किया “साहब गाड़ी से धुआं निकल रहा है”। जैसे ही ड्राइवर बोनट खोलने उतरा, पीछे से आए साथी ने कार का दरवाजा खोलकर नकदी से भरा बैग पार कर फरार। इस मामले में थाना हाईवे पर मुकदमा अपराध संख्या 711/2026 धारा-305 बीएनएस दर्ज हुआ था। सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी के निर्देशन मे टेक्निकल सर्विलांस एक्सपर्ट पुलिस ने हार नहीं मानी। साइबर और सर्विलांस टीम ने आरोपी की लोकेशन खंगालनी शुरू की। मुखबिर तंत्र एक्टिव हुआ। 27 जुलाई रात 11:55 बजे सलेमपुर-पालीखेड़ा रोड पर घेराबंदी कर 24 वर्षीय अक्षय पुत्र मारमुत्तु निवासी मदनगिरी, सी-ब्लॉक, अंबेडकर नगर, साउथ दिल्ली को दबोच लिया गया। अक्षय के पास से पुलिस को एक बैग में 25,00,000 रुपये नकद मिले, जिसमें एक भी रुपया कम नहीं था और घटना में प्रयुक्त सुजुकी जिक्सर-250 बाइक डीएल 3एस एफए 6427 मिली। पूछताछ में अक्षय ने बताया कि वो और उसका साथी मिलकर इसी तरीके से हाईवे पर वारदात करते थे। उसकी निशानदेही पर केस में धारा 318(4)/317(2) बीएनएस बढ़ाई गई।
बॉक्स मे 30 पुलिसकर्मियों का संयुक्त ऑपरेशन
इस गिरफ्तारी के पीछे प्रभारी निरीक्षक प्रशांत कपिल के नेतृत्व में 5 टीमें थीं। स्वॉट, एसओजी, साइबर और सर्विलांस के अफसरों ने मिलकर आरोपी को दिल्ली से ट्रेस कर मथुरा में दबोचा। पुलिस का अल्टीमेटम था कि टप्पेबाजी करने वाले अब बच नहीं पाएंगे। तकनीक और मुखबिर दोनों पर हमारी नजर है। इसी की बदौलत हाईवे पर “शातिराना दिमाग” दिखाने वाले अक्षय का प्लान मथुरा पुलिस के भी शातिर दिमाग के आगे ध्वस्त हो गया। सबसे बड़ी बात ये रही की मथुरा पुलिस ने खुलासे मे 5 दिन तो लगाए लेकिन पैसा की शत प्रतिशत बरामदगी कर आरोपी को भी सलाखों के पीछे भेजा हैं इससे जनता मे विश्वास का प्रकाश एक बार फिर जलने लगा हैं।
