कॉकरोच जनता पार्टी देश के मुख्य न्यायधीश जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद शुरू हुई कॉकरोच जनता पार्टी अब युवाओं के लिए बड़ा आंदोलन शुरू करने की तैयारी में है। पार्टी ने खुद इस बात का ऐलान किया है। अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर 2 करोड़ से ज्यादा युवाओं को अपने साथ जोड़ने के बाद CJP ने हाल ही में आने वाले दिनों के लिए रोडमैप जारी किया है। इसमें CJP ने कहा है कि यह सिर्फ एक शुरुआत है और कहानी अभी खत्म नहीं हुई है। इससे पहले इस मुहिम पर मुसीबतों की भी मार पड़ी है। पार्टी की वेबसाइट के खिलाफ एक्शन लिया गया है। वहीं CJP के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में PIL भी दायर हो गई है।
इसके बाद अब पार्टी ने इंस्टाग्राम पर एक लंबे पोस्ट में यह संदेश देने की कोशिश की है कि पार्टी मुसीबतों के आगे घुटने नहीं टेकेगी। पार्टी ने लिखा, “कॉकरोच सबसे बड़े सर्वाइवर होते हैं। ये अंधेरे कोनों में भी पनपते हैं और हर परेशानी के बाद भी टिके रहते हैं। देश के युवाओं का हाल भी आज ऐसा ही है। लेकिन कहानी अभी खत्म नहीं हुई है, कॉकरोचेस ने तो अभी सिर्फ शुरुआत की है।
सोशल मीडिया पर इस तरह की चर्चाएं भी हैं कि पार्टी सिर्फ एक मीम पेज बनकर रह जाएगी और इससे जमीनी लेवल पर कोई असर नहीं पड़ेगा। हालांकि CJP ने कहा है कि इस मुहिम एक आंदोलन में बदलने जा रहे हैं। CJP ने कहा है कि उनकी विचारधारा भारत के संविधान से प्रेरित है। वे महात्मा गांधी, बाबासाहेब आंबेडकर, जवाहरलाल नेहरू, शहीद भगत सिंह और नेताजी सुभाष चंद्र बोस से प्रेरणा लेकर धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के लिए लड़ेंगे।
वहीं CJP ने अपने 2.2 करोड़ से ज्यादा के कम्युनिटी बेस से देश में बदलाव लाने के लिए सुझाव भी मांगे हैं। आने वाले दिनों में सबसे बेहतरीन आइडियाज को चुनकर देशव्यापी कैंपेन और जमीनी कार्रवाई की शुरुआत करने की बात की गई है। इस दौरान पार्टी का फोकस बेरोजगारी, पेपर लीक, पर्यावरण और सरकारी संस्थाओं की पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर होगा।
इस बीच पेज को शुरू करने वाले अभिजीत दिपके को अलग अलग धमकियां मिलने के बाद उनके घर के बाहर पुलिस को तैनात कर दिया गया है। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में रहने वाले अभिजीत दिपके के माता-पिता के घर के बाहर अब 24 घंटे पुलिस मौजूद रहेगी। हालांकि अभिजीत खुद अमेरिका के बोस्टन में हैं। अलग अलग इंटरव्यू में अभिजीत दिपके ने खुलासा किया है कि उन्हें और भारत में रह रहे उनके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्हें एक वीडियो भी मिला है जिसमें कुछ लोग उनके घर के बाहर खड़े दिख रहे हैं।
वहीं अभिजीत के पिता भगवान दिपके ने एक मराठी न्यूज चैनल से भावुक होते हुए कहा था, “मैं दो रातों से सोया नहीं हूं। मुझे डर है कि मेरा बेटा अब बहुत मशहूर हो गया है और ऐसे लोगों को पुलिस गिरफ्तार कर लेती है।” वहीं मां अनीता ने कहा, “हम बस चाहते हैं कि हमारा बेटा सुरक्षित घर लौट आए, मैं इसमें उसका साथ नहीं दूंगी।”
इन सब के बीच यह मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। SC में एक याचिका दायर कर कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़ी गतिविधियों की जांच का निर्देश देने की मांग की गई है। याचिका में न्यायिक कार्यवाही के दुरुपयोग पर चिंता जताते हुए दावा किया गया है कि अदालत की कार्यवाही के दौरान की गई टिप्पणियों और विचारों का इस्तेमाल प्रचार के लिए किया जा रहा है। बता दें कि पिछले हफ्ते CJI सूर्यकांत ने एक मामले की सुनवाई के दौरान बेरोजगार युवाओं की तुलना कथित तौर पर ‘कॉकरोच’ से कर दी थी, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।
