जनपद पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना कोसीकलां क्षेत्र के जुगल किशोर ज्वैलर्स के यहां हुई लगभग 12 करोड़ रुपये की चोरी का मथुरा पुलिस ने महज करीब 24 घंटे में खुलासा कर दिया। जनपद
पुलिस, एसटीएफ,सर्विलांस और एसओजी समेत विभिन्न टीमों की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी समेत दो पुरुष और दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से 7 किलोग्राम सोना और करीब 11 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

प्रसिद्ध जुगल किशोर ज्वैलर्स में हुई लगभग 12 करोड़ रुपये की चोरी का सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने गोपालबाग से चोरी के मुख्य अभियुक्त विष्णु सोनी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर 7 किलो 126 ग्राम सोना तथा 11 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

घटना का मुख्य आरोपी पूर्व में शोरूम में काम कर चुका था और अपने सगे भाई के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। घटना के खुलासे पर पुलिस टीम को एक लाख रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया है।

पूछताछ में खुल सकते हैं कई और राज

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पकड़े गए आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है, जिससे जनपद व आसपास के क्षेत्रों में हुई अन्य चोरी की वारदातों के भी खुलासे की संभावना जताई जा रही है। पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों ने राहत की सांस ली है, वहीं आपराधिक तत्वों में हड़कंप मचा है।

खुलासे की शुरुआत

चोरी की बड़ी घटना सोमवार सुबह से ही पुलिस के लिए सिरदर्द बन चुकी थी। देर रात से डीआईजी शैलेश पाठक ने घटना के खुलासे के लिए कोसी थाने में ही डेरा जमा दिया था। एक दर्जन पुलिस टीम एसएसपी के नेतृत्व में लगातार दबिश देने में जुटी हुई थीं। शासन स्तर से चोरी की घटना पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

रविवार को रोज की तरह शोरूम बंद करके गए थे। सोमवार सुबह जब शोरूम पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर होश उड़ गए। अंदर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। संदेह के बाद जब शोरूम के अंदर जाकर देखा तो उसमें से करीब 10 किलो सोने के आभूषण, जिनकी कीमत करीब 13 करोड़ रुपये, और 15 लाख रुपये नकद गायब मिले।

सूचना पर पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया। सीसीटीवी फुटेज में एक चोर शोरूम के अंदर से सामान निकालता हुआ दिखाई दे रहा था। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि करीब सात घंटे तक एक ही चोर शोरूम के अंदर रहा।

पुराने नौकर ने ही लगाई दुकान में सेंध

एसएसपी श्लोक कुमार के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त विष्णु कुमार पुत्र रघुनाथ कोसीकलां क्षेत्र का रहने वाला है। जिस दुकान में चोरी की गई, उसमें वह पूर्व में काम कर चुका था। इसी का फायदा उठाकर उसने चोरी की घटना को अंजाम दिया।

पुलिस को यह भी पता चला कि विष्णु के साथ उसका भाई मोहन और अन्य सहयोगी भी शामिल थे। चोरी के बाद सामान को अलग-अलग स्थानों पर छिपाया गया था।

गैस कटर से काटा ताला

पुलिस जांच में सामने आया कि चोर रविवार रात करीब 10 बजे छत के रास्ते शोरूम तक पहुंचा। इसके बाद गैस कटर की मदद से शोरूम का ताला काटकर अंदर दाखिल हुआ। दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में एक चोर दिखाई दिया।

पुलिस ने मौके से गैस कटर, वायर कटर, झोला, कपड़े आदि सामान भी बरामद किया है। घटना के समय पहने गए कपड़े और वारदात में प्रयुक्त सामान भी पुलिस के हाथ लगा है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। डीआईजी आगरा शैलेश पाठक और एसएसपी मथुरा श्लोक कुमार ने स्वयं पूरे मामले की कमान संभाली। पुलिस की 11 टीमें बनाकर रातभर तलाश की गई।

तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 7 किलो 126 ग्राम सोना, 11 लाख रुपये नकद, डीवीआर, लॉकर की चाबी तथा घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में जनपद व आसपास के क्षेत्रों में हुई अन्य चोरी की वारदातों के भी खुलासे की संभावना है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *