बिहार में बदलते मौसम ने लोगों को उलझन में डाल दिया है। बुधवार को राजधानी पटना सहित कई जिलों में आसमान बादलों से घिरा रहा। इससे पहले दोपहर के समय धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली थी, लेकिन सुबह और रात के समय अब भी सर्दी महसूस की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज जिलों के कुछ स्थानों पर गरज के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है, जिससे ठंड में थोड़ा इजाफा हो सकता है।
विभाग ने बताया कि आने वाले पांच दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा। उत्तर-पूर्वी बिहार और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर ऊंचाई पर बना चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों में कई जगहों पर तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
गुरुवार से अगले तीन दिनों तक राज्य में रुक-रुक कर हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं। दिनभर बादल छाए रहने और तेज पछुआ हवाओं के कारण सुबह और शाम ठंड का असर बढ़ सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र, पूसा के नोडल अधिकारी डॉ. ए. सत्तार के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने से तापमान में बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के चलते उत्तर बिहार, खासकर मुजफ्फरपुर के आसपास, मध्यम स्तर के गरज वाले बादल बने रह सकते हैं।
बुधवार को दिनभर बादलों की आवाजाही के कारण तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 0.2 डिग्री बढ़कर 24.5°C और न्यूनतम तापमान करीब 1 डिग्री बढ़कर 8°C दर्ज हुआ। हालांकि तेज पछुआ हवा के चलते सर्दी का एहसास बना रहा।
सीवान और सारण जिलों में कोहरे की स्थिति बन सकती है, हालांकि दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने की संभावना है। भागलपुर में रात के समय ठंड कायम रहेगी, जबकि दिन में कुछ राहत मिल सकती है।
