आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने नीट पेपर लीक कांड के मास्टर माइंड संजीव मुखिया गिरोह के वांछित अभियुक्त विपुल कुमार उर्फ विपुल शर्मा को पटना से गिरफ्तार किया है। विपुल औरंगाबाद जिले के दाऊदनगर का रहने वाला है और उस पर प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल अभ्यर्थियों को झांसा देकर तथा परीक्षा में सफल कराने का आश्वासन देकर मोटी रकम वसूलने का आरोप है।
इसने 2023 में संजीव मुखिया गिरोह के साथ मिल कर हरियाणा एसटीईटी का प्रश्न पत्र लीक कराया। साथ ही बीपीएससी टीआरई तीन परीक्षा के पहले अभ्यर्थियों को प्रश्न पत्र रटवाने से संबंधित मामले का भी आरोपित है।
इससे पहले ईओयू ने संजीव मुखिया गिरोह के सदस्य चंदन कुमार को गिरफ्तार किया था। चंदन कुमार पटना के अगमकुआं इलाके में प्रतियोगी परीक्षाओं में सेटिंग कराने के लिए परीक्षार्थियों की तलाश कर रहा था। वह पूर्व में प्रतियोगी परीक्षाओं में सेटिंग कराने के मामले में भी वांछित था। इन सभी कांडों की जांच चल रही है। चंदन 2017 में टीईटी में सेटिंग कराने के आरोप में कंकड़बाग थाने से जेल जा चुका है।
इसके अलावा उसने एलडीसी एवं एमटीएस की परीक्षा में संजीव मुखिया के साथ मिलकर परीक्षार्थियों की सेटिंग की थी। वर्ष 2017 में आयोजित नीट में वह संजीव मुखिया और उसके बेटे शिव के साथ सेटिंग कराने में शामिल था। इस मामले में पत्रकारनगर थाने में प्राथमिकी भी दर्ज की गई थी। वर्ष 2024 में बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की टीआरई-3 परीक्षा के पेपर लीक में भी चंदन आरोपित है। उसने संजीव मुखिया को कुछ अभ्यर्थी भी उपलब्ध कराए थे। हालांकि पेपर लीक होने के कारण बाद में यह परीक्षा रद्द हो गई थी।
