लखनऊ, प्रमुख संवाददाता। लखनऊ विश्वविद्यालय के मुख्य एवं द्वितीय परिसर में शनिवार को देश की आजादी का 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया। तिरंगे के रंगों से सजे विश्वविद्यालय परिसर में सुबह से ही देशभक्ति के गीतों और नारों की गूंज सुनाई देती रही। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने समारोह में भाग लिया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे परिसर में देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना दिखाई दी। समारोह की शुरुआत सुबह 8 बजे कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी द्वारा कैम्प कार्यालय में ध्वजारोहण के साथ हुई।

इसके बाद विभिन्न विभागों में विभागाध्यक्षों ने विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति में तिरंगा फहराया। कुलपति ने महात्मा गांधी और देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और परिसर देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा。

सुबह 9:15 बजे कला संकाय प्रांगण में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया गया। यहां कुलपति ने शिक्षकों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में उपस्थित छात्र-छात्राओं के बीच मुख्य ध्वजारोहण किया। इसके बाद डॉ.गरिमा सिंह के नेतृत्व में विद्यार्थियों और स्टाफ ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति की भावना से सराबोर नजर आया।

कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने संबोधन के दौरान विद्यार्थियों को देश का भविष्य बताते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्राप्त करने के साथ युवाओं की जिम्मेदारी समाज और देश के प्रति भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आपसी सम्मान, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की।

कुलपति ने भारत की तकनीकी और आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए इसरो के अंतरिक्ष अभियानों, सेमीकंडक्टर उद्योग में बढ़ते कदमों, यूपीआई क्रांति और आरबीआई की मजबूत नीतियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से एक उभरती हुई आर्थिक और तकनीकी शक्ति के रूप में आगे बढ़ रहा है और इस यात्रा में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर द्वितीय परिसर के विद्यार्थियों को बड़ी सौगात देते हुए कुलपति ने नए कुलपति कार्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने घोषणा की कि वे सप्ताह में कम से कम दो दिन इस कार्यालय में बैठेंगे। इससे द्वितीय परिसर के विद्यार्थियों और स्टाफ को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए मुख्य परिसर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी तथा शिकायतों का मौके पर ही शीघ्र निस्तारण हो सकेगा। इस घोषणा का विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।

समारोह का समापन डॉ. अनविता वर्मा के नेतृत्व में वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। कार्यक्रम में छात्र कल्याण अधिष्ठाता, विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, प्रोफेसर, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और हजारों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अंत में विद्यार्थियों के बीच मिष्ठान वितरण किया गया।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *