गोरखपुर, मुख्य संवाददाता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को जनता दर्शन में फरियादियों की पीड़ा सुनी और उनकी समस्याओं को समय से दूर कराने का निर्देश दिया। समस्या लेकर आए लोगों को मुख्यमंत्री ने समस्या समाधान का भरोसा दिया। इस अवसर पर जमीन कब्जा की शिकायतों पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जमीन कब्जामुक्त कराने के साथ जबरन कब्जा करने वालों को कानूनी सबक सिखाएं।गोरखनाथ मंदिर परिसर में सीएम योगी ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनका समाधान करने का निर्देश दिया। कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक पहुंचकर मुख्यमंत्री ने उनकी पीड़ा जानीं और आश्वस्त किया कि सभी की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने पास में मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर पीड़ित व्यक्ति की समस्या पर संवेदनशीलता से ध्यान दें और तत्परता से उसका समयबद्ध व पारदर्शी निस्तारण कराएं।
