भारत फ्रांस से 26 राफेल लड़ाकू विमान और तीन स्कॉर्पीन कैटेगरी की पनडुब्बियां खरीदने वाला है। सरकारी सूत्रों ने एएनआई को बताया कि डिफेंस फोर्स की ओर से यह प्रस्ताव रक्षा मंत्रालय को भेजा गया है।

इस सप्ताह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फ्रांस यात्रा के दौरान इसकी घोषणा हो सकती है। प्रस्ताव के अनुसार, भारतीय नौसेना को 4 ट्रेनर विमानों के साथ 22 सिंगल सीटेड राफेल समुद्री विमान मिलने वाले हैं। इन लड़ाकू विमानों और पनडुब्बियों को तत्काल हासिल करने के लिए नौसेना की ओर दबाव डाला जा रहा है, क्योंकि देश भर में सुरक्षा चुनौतियों के मद्देनजर इनकी सख्त जरूरत बताई जा रही है।

एयरक्राफ्ट कैरियर आईएनएस विक्रमादित्य और विक्रांत मिग-29 को ऑपेरट कर रहे हैं। दोनों कैरियर्स पर ऑपरेशन के लिए राफेल की जरूरत है। इस बीच, तीन स्कॉर्पीन कैटेगरी की पनडुब्बियां प्रोजेक्ट 75 के हिस्से के रूप में रिपीट क्लॉज के तहत नेवी को मिलेंगी। इन्हें मुंबई में मझगांव डॉकयार्ड्स लिमिटेड में बनाया जाएगा। माना जा रहा है कि यह सौदा 90,000 करोड़ रुपये से अधिक का होगा। हालांकि, अंतिम लागत डील को लेकर बातचीत पूरी होने के बाद ही साफ होगी। सौदे की घोषणा के दौरान इस डिटेल जानकारी दी जा सकती है।

भारत की ओर से कीमत में रियायत की मांग
सूत्रों का कहना है कि भारत इस सौदे की कीमत में रियायतों की मांग कर सकता है। साथ ही इस डील में अधिकतर ‘मेक-इन-इंडिया’ सामग्री रखने पर जोर दिया जाएगा। सूत्रों ने कहा कि राफेल एम सौदे के लिए भारत और फ्रांस के बीच बातचीत के लिए संयुक्त टीम का गठन हो सकता है, जैसा कि 36 लड़ाकू विमानों के पिछले राफेल हुए सौदे के दौरान किया गया था। इस प्रस्ताव पर रक्षा मंत्रालय में पहले ही हाई-लेवल मीटिंग हो चुकी है। यह प्रस्ताव अगले कुछ दिनों में रक्षा अधिग्रहण परिषद के सामने रखा जा सकता है। डील को लेकर फ्रांस में घोषणा से पहले सरकार से इसे जरूरी मंजूरी मिल सकती है।

4 राफेल लड़ाकू विमान भारत से पेरिस पहुंचे
दूसरी ओर, भारतीय वायुसेना के 4 राफेल लड़ाकू विमान 14 जुलाई को पेरिस में चैंप्स एलिसीज के ऊपर ‘बैस्टिल डे फ्लाईपास्ट’ में हिस्सा लेने के लिए फ्रांस के लिए रवाना हो चुके हैं। पीएम मोदी इस साल की बैस्टिल डे परेड में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। भारतीय सशस्त्र बलों की 269 सदस्यीय तीनों सेनाओं की टुकड़ी दो सी-17 ग्लोबमास्टर विमानों में सवार होकर गुरुवार को पेरिस के लिए रवाना हुई थी। हेलीकॉप्टर पायलट स्क्वाड्रन लीडर सिंधु रेड्डी परेड में भारतीय वायुसेना के मार्चिंग दस्ते का नेतृत्व करेंगी। वायुसेना ने कहा कि 4 राफेल लड़ाकू विमान, 2 सी-17 ग्लोबमास्टर्स और 72 कर्मियों की एक उड़ान टुकड़ी शुक्रवार को फ्रांस के लिए रवाना हुई। भारत ने अंतर-सरकारी व्यवस्था के तहत फ्रांस से 36 राफेल जेट खरीदे थे।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *