न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज के 4-4 मुकाबले रोहित शर्मा और विराट कोहली खेले। दोनों दिग्गज दो-दो बार बिना खाता खोले लौटे। रोहित ने जहां 30 रन सीरीज में बनाए, जबकि विराट ने 86 रन बनाए। हालांकि, विराट भारत के लिए टॉप स्कोरर सीरीज के थे, जिसे भारत ने जीता, क्योंकि ये सीरीज रनों से ज्यादा विकेटों के लिए फेमस रही। ऐसे में कहा जा रहा था कि दोनों दिग्गजों के लिए आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 की राह कठिन हो सकती है, लेकिन एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बीसीसीआई इससे परेशान नहीं है और रो-को वर्ल्ड कप 2027 खेलने वाले हैं।
दरअसल, भारतीय क्रिकेट के हुक्मरानों ने साफ कर दिया है कि उन्हें रोहित और विराट पर पूरा भरोसा है। वे वर्ल्ड कप 2027 खेलेंगे, क्योंकि उनका अनुभव भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका में चाहिए होगा। हालांकि, शर्त यह है कि वह खेलना चाहें और अपनी फिटनेस बरकरार रखें। अगर इंजरी की समस्या नहीं होगी तो वे 2 अक्टूबर से 21 नवंबर तक चलने वाले वर्ल्ड कप 2027 के लिए भारतीय टीम का हिस्सा होंगे। लंबे समय से दोनों ही दिग्गज इस बात को कहते हुए आए हैं कि वे वर्ल्ड कप 2027 खेलना चाहते हैं और वही उनका आखिरी टूर्नामेंट होगा।
रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर दैनिक जागरण में एक खबर प्रकाशित हुई है, जिसमें बीसीसीआई के एक पदाधिकारी ने कहा कि हमें दक्षिण अफ्रीका में रोहित और विराट की जरूरत होगी। उनके बिना हम वहां नहीं जीत पाएंगे। दक्षिण अफ्रीका में अनुभव काम आएगा। ये दोनों लीजेंड हैं। उन्हें कब तक क्रिकेट खेलना है, ये वह तय करेंगे। जहां तक भारतीय टीम के विश्व कप अभियान की बात है तो मुझे लगता है कि 2027 में हमें उनकी जरूरत होगी। वह दक्षिण अफ्रीका की कठिन पिचों में काफी महत्वपूर्ण साबित होंगे।
रिपोर्ट में आगे दावा किया गया है कि टीम मैनेजमेंट भी रोहित-विराट के मसले पर खासकर वर्ल्ड कप खेलने को लेकर अपने हाथ नहीं जलाना चाहता, क्योंकि उन्हें पता है कि अजीत अगरकर के साथ क्या हुआ है। अजीत अगरकर का प्लान था कि रोहित को इंग्लैंड दौरे के बाद सिलेक्ट न किया जाए, मगर रोहित की छुट्टी से पहले अजीत अगरकर का कार्यकाल समाप्त हो गया। रिपोर्ट में एक सूत्र के हवाले से बताया गया है कि टीम मैनेजमेंट के लोग या चयनकर्ता अब उन पर फैसला नहीं लेंगे। बोर्ड मन बना चुका है कि रो-को के साथ आगे बढ़ा जाए।