चित्रकूट धाम में हवन-पूजन एवं महाआरती के बीच टीबी कर्मचारियों की भावपूर्ण प्रार्थना

लखनऊ/चित्रकूट। रविवार शाम चित्रकूट धाम में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के अंतर्गत कार्यरत टीबी कर्मचारियों के सम्मान, सुरक्षा, सेवा स्थायित्व एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना को लेकर विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। उत्तर प्रदेश क्षय रोग वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक संघ (पंजी.), जो उत्तर प्रदेश टीबी कर्मचारी संघ के नाम से भी जाना जाता है, के प्रदेश अध्यक्ष करुणा शंकर मिश्र के नेतृत्व में भगवान श्री कामतानाथ जी की पावन परिक्रमा की गई। इसके उपरांत बरहा हनुमान जी के पावन स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन एवं भव्य महाआरती संपन्न हुई।

इस आध्यात्मिक आयोजन के लिए चित्रकूट सहित आसपास के अनेक जनपदों के टीबी कर्मचारियों एवं संगठन के पदाधिकारियों को सादर आमंत्रित किया गया था। उपस्थित सभी साथियों ने भगवान कामतानाथ एवं संकटमोचन हनुमान जी के श्रीचरणों में प्रदेश के समस्त टीबी कर्मचारियों की सुरक्षा, उत्तम स्वास्थ्य, सम्मान, सेवा स्थायित्व तथा उनके परिवारों की सुख-समृद्धि और सुरक्षित भविष्य के लिए सामूहिक प्रार्थना की।

प्रदेश अध्यक्ष करुणा शंकर मिश्र ने कहा कि टीबी कर्मचारी वर्षों से संक्रमण के जोखिम के बीच रहकर समाज को टीबी मुक्त बनाने के राष्ट्रीय अभियान में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं। अनेक कर्मचारी प्रतिदिन बड़ी संख्या में टीबी मरीजों के संपर्क में रहते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। पिछले कुछ समय में कई समर्पित साथियों के असमय निधन से कर्मचारी परिवार गहरे दुःख से गुजरा है। इसी कारण हवन-पूजन एवं महाआरती के दौरान दिवंगत साथियों की पुण्य आत्माओं की शांति के लिए विशेष प्रार्थना की गई तथा वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा, उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई।

उन्होंने कहा कि भगवान कामतानाथ के श्रीचरणों में यह भी प्रार्थना की गई कि प्रदेश सरकार टीबी कर्मचारियों के सम्मान, सामाजिक सुरक्षा, सेवा स्थायित्व, समय पर वेतन तथा कर्मचारी हितों से जुड़े विषयों पर सकारात्मक निर्णय ले, ताकि जनस्वास्थ्य की सेवा में जुटे कर्मचारियों का मनोबल और अधिक मजबूत हो तथा उनके परिवारों का भविष्य सुरक्षित बन सके।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि दिवंगत साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने, संक्रमण के बीच कार्यरत कर्मचारियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प लेने तथा संगठन की एकजुटता को और मजबूत करने का भी अवसर रहा। कार्यक्रम के समापन पर सभी कर्मचारियों ने समाज को टीबी मुक्त बनाने के राष्ट्रीय अभियान को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने तथा कर्मचारी हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *