(मथुरा)(ए.के.शर्मा)
धर्मनगरी मथुरा के विश्व प्रसिद्ध श्री द्वारकाधीश मंदिर में अज्ञात चोर ने मुख्य प्रवेश द्वार पर लगी दान गुल्लक के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि के बीच की बताई जा रही है। सोमवार सुबह मंदिर खुलने पर चोरी का पता चलते ही मंदिर प्रशासन में हड़कंप मच गया। इस बीच वारदात का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति गुल्लक के ताले तोड़ते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहा है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब पांच बजे ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने मुख्य द्वार पर लगी दान गुल्लक के ताले टूटे हुए देखे। इसके बाद उसने तत्काल मंदिर प्रबंधन को सूचना दी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने घटना का निरीक्षण किया और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति गुल्लक को तोड़कर चोरी करता हुआ नजर आया, जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपी की पहचान में जुट गई है।

मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर प्रबंधक की ओर से थाना कोतवाली में लिखित तहरीर दे दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी की तलाश की जा रही है। मंदिर प्रशासन ने जल्द खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।

घटना के बाद मंदिर क्षेत्र के व्यापारियों, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए आते हैं, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत की जानी चाहिए। व्यापारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के बाजार क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा सीसीटीवी निगरानी को और प्रभावी बनाने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है। दिनदहाड़े नहीं बल्कि देर रात हुई इस वारदात ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *