तमिलनाडु की राजनीति में कोलाथुर विधानसभा सीट पर एक बार फिर सबकी नजरें टिक गई हैं। सीएम विजय थलपति की पार्टी टीवीके यानी तमिलगा वेत्री कझगम के विधायक वीएस बाबू के निधन के बाद यह सीट खाली हो गई है। अब यहां उपचुनाव होना है। इस बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन एक बार फिर कोलाथुर से चुनावी मैदान में उतरेंगे?
वीएस बाबू ने विधानसभा चुनाव में स्टालिन को हराकर बड़ा राजनीतिक उलटफेर किया था। स्टालिन 2011 से लगातार इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे, लेकिन इस बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इस हार ने डीएमके के लिए मुश्किलें और बढ़ा दी थीं। पार्टी को विधानसभा चुनाव में सत्ता भी गंवानी पड़ी थी। अभिनेता से नेता बने विजय की नई पार्टी टीवीके ने डीएमके को सत्ता से बाहर कर दिया था।
डीएमके सांसद सी रविंद्रन ने भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि स्टालिन को कोलाथुर से चुनाव लड़ना चाहिए या नहीं, इसका फैसला पूरी तरह उन्हीं के हाथ में है। हालांकि, पार्टी कार्यकर्ता उन्हें दोबारा चुनाव मैदान में देखना चाहते हैं।
रविंद्रन ने कहा, “यह हमारे नेता का निर्वाचन क्षेत्र है। फैसला उनका है और केवल वही इस पर निर्णय ले सकते हैं। डीएमके कार्यकर्ता के तौर पर हम चाहेंगे कि वह चुनाव लड़ें, लेकिन अंतिम फैसला हमारे नेता ही करेंगे।”
कोलाथुर विधानसभा सीट पर इस साल हुए चुनाव में वीएस बाबू ने एमके स्टालिन को 8,795 वोटों से हराया था।
इस नतीजे के साथ ही कोलाथुर में स्टालिन की लगातार जीत का सिलसिला टूट गया। वह 2011 से इस सीट पर जीत दर्ज करते आ रहे थे।
वीएस बाबू ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत डीएमके से की थी। पार्टी में आगे बढ़ते हुए वह चेन्नई (उत्तर) जिले के सचिव भी बने। साल 2006 में वह पुरासावलकम विधानसभा सीट से विधायक चुने गए और 2011 तक इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।
इसके बाद उन्होंने डीएमके छोड़कर एआईएडीएमके का दामन थाम लिया। विधानसभा चुनाव से पहले वह विजय की पार्टी टीवीके में शामिल हो गए और कोलाथुर से चुनाव लड़ा। इसी सीट पर उन्होंने डीएमके प्रमुख स्टालिन को शिकस्त दी थी।
कोलाथुर में होने वाला उपचुनाव दोनों दलों के लिए अहम माना जा रहा है। डीएमके के पास इस चुनाव के जरिए विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने का मौका होगा। हालांकि, अगर स्टालिन खुद चुनाव लड़ते हैं और उन्हें फिर हार मिलती है तो उनकी पिछली हार का राजनीतिक असर और गहरा हो सकता है।
दूसरी ओर, टीवीके के लिए इस सीट को बरकरार रखना बड़ी चुनौती होगी। विधानसभा चुनाव में मिली हाई-प्रोफाइल जीत के बाद उपचुनाव यह भी परखेगा कि विजय की पार्टी अपना चुनावी समर्थन बनाए रखने में कितनी सफल रहती है।