आयुर्वेद को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने के लिए मिला सम्मान
नई दिल्ली, 11 जुलाई 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय के पंडित दीनदयाल उपाध्याय महाविद्यालय में ‘अभिकल्पना – एक युवा सोच’ के तत्वावधान में आयोजित गरिमामय समारोह में डॉ. वैद्य स्वामी नाथ मिश्र को आयुर्वेद के क्षेत्र में विश्व स्तरीय सेवा के लिए ‘धन्वंतरि नेशनल डिग्निटी अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. ठाकुर रघुराज सिंह द्वारा प्रदान किया गया।
ज्ञातव्य है कि वैद्य मिश्र ‘स्कूल ऑफ आयुर्वेद, मिलान, इटली’ के निदेशक, ‘आयुर्पुरा आयुर्वेद, बोल्जानो, इटली’ के फाउंडर आयुर्वेद फिजिशियन, ‘स्वामी वैद्य शाला, नई दिल्ली’ के संस्थापक चेयरमैन तथा ‘विश्व आयुर्वेद परिषद’ के विदेश विभाग के प्रमुख हैं। उन्होंने पुर्तगाल, इटली, स्विट्जरलैंड, जर्मनी, स्लोवेनिया सहित विभिन्न देशों में कॉन्फ्रेंस, व्याख्यान, परामर्श एवं आवासीय शिविरों के माध्यम से आयुर्वेद को जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। डॉ. मिश्र द्वारा आयुर्वेद पर तीस से अधिक ग्रंथों का लेखन भी किया गया है।

समारोह में प्रोसीड फाउंडेशन के डायरेक्टर डॉ. अवधेश पाण्डेय, एस एस एजुकेशन एंड हेल्थ केयर की ट्रस्टी दीपिका जी सहित समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे अन्य समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. ठाकुर रघुराज सिंह के साथ माननीय पूर्व राज्यपाल श्री जगदीश मुखी, बिहार सरकार के मंत्री डॉ. श्रवण कुमार जी सहित बड़ी संख्या में विद्वतजन, सामाजिक कार्यकर्ता तथा विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्टजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के आयोजन में आयोजन समिति के प्रमुख सदस्य डॉ. हेमंत सिंघल जी, श्री संजीव कुमार जी एवं डॉ. धनञ्जय जी की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम का संयुक्त सहयोग एम एस ग्रुप की सीईओ प्रेरणा जी, मनीष जी एवं एस एस एजुकेशन एंड हेल्थ केयर संस्था के फाउंडर ट्रस्टी श्री सुनील कुमार सिंघल जी द्वारा किया गया।
अवार्ड के लिए चयन राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त विद्वानों की समिति द्वारा किया गया।
