हाईवे पुलिस-स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से 48 घंटे में किया धरदबोच
(मथुरा)(ए.के.शर्मा)
“बाइक सवार लुटेरों ने बैग छीन लिया”… झूठी कहानी से मालिक और पुलिस को गुमराह करने वाले जेपी इंटरप्राइजेज के सेल्समैन का 48 घंटे मे ही पर्दाफाश हो गया। थाना हाईवे पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से प्लॉट खरीदने के लालच में खुद लूट की कहानी रचने वाले विजय कुमार और उसकी पत्नी को 10 लाख 70 हजार की पूरी रकम के साथ दबोच लिया।
22 जून को जेपी इंटरप्राइजेज आजमपुर के मालिक जगदीश प्रसाद गौतम ने शिकायत दी कि सेल्समैन विजय कुमार के साथ बाइक सवारों ने लूट कर ली।जिस पर हाइवे पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए घटना को दर्ज करते ही हाईवे इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल और स्वाट टीम प्रभारी अजय वर्मा की टीम कड़े एक्शन में आई और घटना के सभी पहलुओं पर जाँच करने मे जुट गईं । 100 से ज्यादा सीसीटीवी खंगाले, हर गली-मोहल्ले से पूछताछ हुई और खुलासा सनसनीखेज था! सीसीटीवी में कहीं कोई लुटेरा नहीं दिखा, बल्कि विजय खुद अपनी पत्नी को नए बस अड्डे पर बुलाकर पैसे का बैग सौंप रहा था। पूछताछ में विजय टूट गया और कबूला कि “प्लॉट लेना था, इसलिए पत्नी संग मिलकर लूट का ड्रामा रचा। 10.70 लाख काशीराम आवास वाले घर में छिपा दिए।”
गिरफ्तारी के लिए आधी रात को एक्शन में आई टीम ने 100 प्रतिशत रिकवरी करते हुए 24 जून रात 1:25 बजे पुलिस ने टी-3/66, चतुर्थ फ्लोर, काशीराम आवास टाउनशिप में छापा मारा। सेल्समैन विजय कुमार पुत्र रामबाबू 31 साल और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर घर से एक-एक रुपया बरामद कर लिया। लूट की 100 प्रतिशत रिकवरी करते हुए10 लाख 70 हजार नकद बरामद किए। बरामदगी के बाद धारा बढ़ा और गिरफ्त करते हुए शुरू में 304 बीएनएस में दर्ज केस अब धारा 316(4)/318/61(2)/217/317(2) बीएनएस में तब्दील कर दिया। यानी विश्वासघात, धोखाधड़ी, साजिश और सुबूत मिटाने का संगीन इल्जाम।
बॉक्स मे
टीम जिन्होंने बिगाड़ा साजिश का खेल
इस धमाकेदार खुलासे के पीछे हाईवे इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल, स्वाट टीम प्रभारी अजय वर्मा, एसआई रोहन कुचालिया, एसआई सौरभ तैवतिया और पूरी टीम की दिन-रात की मेहनत है। जिन्होंने 100 सीसीटीवी और टेक्निकल सर्विलांस से अपराधी की एक नहीं चलने दी। दो दिनों के भीतर लूट का पर्दाफाश करते हुए मथुरा पुलिस का मैसेज साफ है कि “लूट का झूठा नाटक करोगे तो 48 घंटे में पर्दा गिर जाएगा। 10 लाख क्या, 10 रुपये भी नहीं बचेंगे!”
