-फरह पुलिस और एंटी रिवार्डिड टीम ने संयुक्त रूप से की कार्यवाही
(मथुरा/फरह)(ए.के.शर्मा)
फरह थाना पुलिस और एंटी रिवार्डिड टीम ने तार चोरी के मामले में वांछित चल रहे 15 हजार के इनामी बदमाश को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर 23 जून की रात 11:55 बजे परखम गौशाला के पास चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान थाना फरह में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 269/2025 और 286/2025 में वांछित श्याम सिंह उर्फ कोक सिंह पुत्र पोहप सिंह निवासी कुथियाना, थाना अंबाह, जिला मुरैना, मध्य प्रदेश बाइक से आता दिखा। पुलिस को देखकर उसने जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई।
एसएसपी श्लोक कुमार और सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी के नेतृत्व वाली टीम ने घायल श्याम सिंह को दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से 1 तमंचा 315 बोर, 2 जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस, 1 मोटरसाइकिल और 500 रूपए नकद बरामद हुए। श्याम सिंह विद्युत अधिनियम और बीएनएस और आर्म्स एक्ट के दो मुकदमों में वांछित था और थाना फरह ने उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रूपए का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस ने मुठभेड़ में फायरिंग और बरामदगी को लेकर नया केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल बदमाश का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।
