सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व मे हुई छापेमारी, मची खलबली
-अग्निश्मन विभाग की बिना एनओसी के संचालित पाए गए कोचिंग संस्थान, लाइब्रेरी
(मथुरा)(ए.के.शर्मा)

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ मे दर्दनाक अग्निकांड हादसे के बाद धर्मनगरी मथुरा में भी जिला प्रशासन ने नींद से जागने के बाद पूरी तरह से ‘अलर्ट मोड’ पर आ गया है। छात्रों और आम जनता की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र के नेतृत्व में एक बड़ी संयुक्त टीम ने बीएसए कॉलेज क्षेत्र के आसपास संचालित कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरियों पर सघन चैकिंग अभियान चलाया।अचानक हुई कार्रवाई से पूरे कोचिंग हब इलाके में हड़कंप मच गया और कई कोचिंग संचालक अपने सेंटरों पर ताला लगाकर रफूचक्कर हो गए।

मंगलवार को हुई इस बड़ी ताबड़तोड़ कार्रवाई में सिटी मजिस्ट्रेट के साथ मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण फायर ब्रिगेड विभाग, आवास विकास परिषद और भारी मात्रा में पुलिस बल मौजूद रहा। टीम ने जब कोचिंग हब कहे जाने वाले बीएसए कॉलेज रोड पर अचानक दस्तक दी, तो संचालकों के होश उड़ गए। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम ने कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी में फायर सेफ्टी मानकों, आपातकालीन निकासी व्यवस्था और आवश्यक एनओसी की बारीकी से पड़ताल की।कई नामचीन बड़ी बड़ी प्रसिद्ध कोचिंग संस्थानों के पास फायर विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र तक नहीं था। कुछ स्थानों पर आपातकालीन निकास के रास्ते बंद थे या बेहद संकरे थे, जो किसी भी हादसे के वक्त बेहद जानलेवा साबित हो सकते थे। सुरक्षा मानकों की इस गंभीर अनदेखी पर कड़ा रुख अपनाते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ने मौके पर ही आधा दर्जन कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरियों को सील करने के आदेश दे दिए। प्रशासन की यह कार्रवाई सिर्फ कोचिंग सेंटरों तक ही सीमित नहीं रही। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि इसी मार्ग पर व्यावसायिक संचालित हो रहे सभी तरह के होटलों की भी जांच की गई है। सुरक्षा और एनओसीसे जुड़े मानकों में कमियां पाए जाने पर इन सभी होटलों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। कार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र ने साफतौर पर कड़े शब्दों में कहा कि कोचिंग संस्थानों मे पढ़ने वाले छात्रों की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है। इसके साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जायेगा।

जिन भी संस्थानों में नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, उनके खिलाफ इसी तरह कठोर कानूनी कार्रवाई अम्ल मे लाई जायेगी ।प्रशासन की एक साथ हुई ताबड़तोड़ कार्यवाही के बाद जिले भर के कोचिंग माफियाओं और अवैध रूप से चल रहीं लाइब्रेरियों में दहशत का माहौल है। कई संचालक आनन-फाननअपने फायर सेफ्टी उपकरण और कागजात दुरुस्त करने की कवायद में जुट गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है। कि यह चेकिंग अभियान रुकने वाला नहीं है, बल्कि लगातार जारी रहेगा।बताया जाता है कि विकास प्राधिकरण की टीम ने बीएसए कॉलेज रोड स्थित होटल शिवोम को भी मानकों के अनुरूप न मिलने पर सील किया है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *