मुंबई से बड़ी खबर सामने आई है, जहां मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के बीच एलपीजी (LPG) सप्लाई को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। ऐसे समय में पाइप्ड नैचुरल गैस (PNG) देने वाली कंपनी महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने ग्राहकों को राहत देने के लिए बड़ा ऐलान किया है। कंपनी ने साफ कहा है कि गैस सप्लाई पूरी तरह से जारी रहेगी और किसी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी।

कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर आशु शिंगल ने बताया कि बदलती परिस्थितियों के बावजूद MGL अपने ग्राहकों को लगातार और भरोसेमंद सेवा देने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि PNG और CNG की सप्लाई को बनाए रखने के लिए कंपनी लगातार काम कर रही है, ताकि लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों पर कोई असर न पड़े।
ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कंपनी ने कुछ खास ऑफर भी लॉन्च किए हैं। 16 मार्च से 30 अप्रैल के बीच जो भी नए घरेलू ग्राहक PNG कनेक्शन लेंगे, उन्हें 500 रुपये तक की मुफ्त गैस दी जाएगी। इसके अलावा, जिन नई बिल्डिंग्स में 60% से ज्यादा लोग PNG से जुड़ चुके हैं, वहां हर ग्राहक को 1,000 रुपये तक का एडजस्टमेंट गैस बिल में मिलेगा।
इतना ही नहीं, अगर कोई ग्राहक ऑनलाइन यानी वेबसाइट के जरिए रजिस्ट्रेशन करता है, तो उसे तुरंत 500 रुपये की छूट भी दी जाएगी। कंपनी ने यह भी कहा है कि अगर किसी समय गैस का इस्तेमाल नहीं होता है, तो उस दौरान न्यूनतम चार्ज भी नहीं लिया जाएगा। आने वाले समय में कंपनी जीरो अपफ्रंट रजिस्ट्रेशन चार्ज की सुविधा भी शुरू करने की तैयारी में है, यानी कनेक्शन लेने के समय कोई पैसा नहीं देना होगा।
व्यावसायिक ग्राहकों के लिए भी MGL ने बड़ी राहत दी है। कंपनी ने कमर्शियल PNG यूजर्स के लिए रजिस्ट्रेशन चार्ज पूरी तरह माफ कर दिया है। साथ ही, गैस सप्लाई के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर भी कंपनी अपने खर्च पर तैयार करेगी, जिससे व्यापारियों को अतिरिक्त बोझ नहीं उठाना पड़ेगा।
फिलहाल MGL मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, मीरा-भायंदर, रायगढ़, रत्नागिरी के साथ-साथ कर्नाटक के कुछ शहरों में अपनी सेवाएं दे रही है। कंपनी का कहना है कि वह अपने नेटवर्क और सर्विस को और मजबूत करने पर काम कर रही है, ताकि हर ग्राहक को सुरक्षित, सस्ती और भरोसेमंद गैस सप्लाई मिलती रहे।
