फाल्गुन मास की महाशिवरात्रि पर रविवार को काशी विश्वनाथ मंदिर नगरी पूरी तरह शिवमय नजर आई। बाबा विश्वनाथ की नगरी ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंजती रही। जिला मुख्यालय स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर सहित जिले के तमाम शिवालयों में तड़के सुबह से ही जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्त गंगाजल, बेलपत्र, पुष्प और फल अर्पित कर भगवान शिव से सुख-समृद्धि की कामना करते दिखे।
वहीं, बहुजन समाज पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने के बाद पार्टी प्रमुख शहरों में रैलियों और रोड शो के जरिए ताकत दिखाने की रणनीति बना रही है। पार्टी सुप्रीमो के निर्देश पर बूथ कमेटियों के गठन का काम तेज किया गया है। इसके तहत कांशीराम की जयंती पर 15 मार्च को लखनऊ और नोएडा में बड़े कार्यक्रम आयोजित कर कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने की योजना है।
इस बीच उत्तर प्रदेश पुलिस की विशेष सुरक्षा वाहिनी में तैनात सिपाही अखिलेश त्रिपाठी को राजस्थान पुलिस ने रविवार सुबह लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया। सादे कपड़ों में पहुंची टीम जब उसे अपने साथ ले गई तो परिजन और स्थानीय लोग इसे अपहरण समझ बैठे। बाद में जांच में सामने आया कि सिपाही राजस्थान के वर्ष 2002 के एक मामले में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
प्रतापगढ़ जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां रविवार को चलती कार पर अचानक बिजली का पोल गिर गया। इस दुर्घटना में समाजवादी पार्टी से जुड़े एक नेता की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
हरदोई से सामने आई एक भावुक कर देने वाली कहानी ने सभी को चौंका दिया। करीब 65 साल पहले डकैतों द्वारा अगवा की गई एक 15 वर्षीय किशोरी, अब अपनी बेटी के प्रयासों से लगभग 80 साल की उम्र में अपने मायके लौट सकी। दशकों बाद परिजनों से मिलना परिवार के लिए किसी चमत्कार से कम नहीं रहा।
राजनीतिक घटनाक्रम में बड़ा बदलाव करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस से इस्तीफा दे चुके नसीमुद्दीन सिद्दीकी रविवार को समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। इससे पहले उन्होंने कांग्रेस में उपेक्षा का आरोप लगाते हुए 24 जनवरी को 72 समर्थकों के साथ पार्टी छोड़ी थी और सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ मजबूती से खड़े होने की बात कही थी।
आगरा में मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान प्रतापपुरा चौराहे पर जमीन धंसने से करीब 25 फीट ऊंची पाइलिंग रिग मशीन गिर गई। हादसे में पास की बीयर शॉप और एक कमरा क्षतिग्रस्त हुआ, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है, जिससे निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
बहराइच में मोतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। डीएम अक्षय कुमार त्रिपाठी ने एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं के विरोध के बाद तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर एक सप्ताह में रिपोर्ट तलब की है। वहीं सीएमओ ने मोतीपुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. थानेदार को मुख्यालय से अटैच कर ईएनटी सर्जन डॉ. प्रमोद कुमार को कार्यवाहक अधीक्षक का प्रभार सौंप दिया है।
राजधानी लखनऊ के व्यस्त हजरतगंज इलाके में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। राणा प्रताप मार्ग स्थित मोती महल लॉन के सामने ट्री-नर्सरी में बनी प्लास्टिक गमलों की दुकान में आग तेजी से फैल गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन हजरतगंज की टीम मौके पर पहुंची और हौज पाइप की मदद से आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
