विजडम इंडिया।
श्रावस्ती। कंटेनर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (CONCOR) के निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत जनपद श्रावस्ती के इकौना ब्लॉक में छात्राओं के मध्य मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए आधार निर्माण फाउंडेशन द्वारा ब्लॉक में किशोरी जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है । इस कार्यक्रम की शुरुआत 13 फरवरी 2026 से इकौना के तीन प्रमुख इंटर कॉलेजों शांति देवी कनक इंटर कॉलेज, जेतवन इंटर कॉलेज एवं चौधरी रामबिहारी बुद्ध इंटर कॉलेज में सेमीनार तथा स्वास्थ्य जागरूकता शिविर के आयोजन के साथ हुई ।
सेमीनार के दौरान छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों एवं सुरक्षित प्रबंधन के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा छत्राओं के प्रश्नों के साथ छात्राओं की स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया । स्वास्थ्य शिविर में उपस्थित महिला विशेषज्ञ चिकित्सक द्वारा छात्राओं को व्यक्तिगत परामर्श दिया गया तथा आवश्यकतानुसार दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

कार्यक्रम में उपस्थित 435 छात्राओं को सैनिटेरी नैपकिन वितरित किए गए और विद्यालय परिसरों में सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन की स्थापना की गई, ताकि छात्राओं को नियमित रूप से सैनिटेरी नैपकिन उपलब्ध हो सके।
आधार निर्माण फाउंडेशन के प्रतिनिधि श्री विनोद कुमार द्विवेदी ने कहा कि यह पहल किशोरियों के स्वास्थ्य, आत्मविश्वास एवं शिक्षा में निरंतरता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन अधिकारी, प्रधानाचार्य, अध्यापिकाएं, महिला चिकित्सक, आधार निर्माण फाउंडेशन के प्रतिनिधि श्री विनोद कुमार द्विवेदी, कार्यक्रम अधिकारी श्री अहमद बिलाल, कार्यक्रम कॉर्डिनटोर श्री चंद्रप्रकाश द्विवेदी आदि उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन समिति ने कॉनकोर और आधार निर्माण फाउंडेशन का धन्यवाद किया और आग्रह किया कि इस तरह के सामाजिक विकास के कार्यक्रम आगे भी जनपद में आयोजित होते रहें जिससे अधिक से अधिक छात्राएं लाभान्वित हो सकें ।
