16 से 21 फरवरी तक रास बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय बनेगा साहित्य, खेल और संस्कृति का उत्सव स्थल

विशेष संवाददाता – देहरादून।

रास बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय में 16 से 21 फरवरी 2026 तक आयोजित होने जा रहा “सुभारती महोत्सव 2026” विश्वविद्यालय का वार्षिक प्रमुख आयोजन है, जो विद्यार्थियों में रचनात्मकता, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और समग्र व्यक्तित्व विकास को नई दिशा प्रदान करेगा। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित यह महोत्सव साहित्य, खेल, कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभाओं को अभिव्यक्ति का सशक्त मंच देगा।

महोत्सव का शुभारंभ सोमवार, 16 फरवरी को प्रातः 11 बजे विश्वविद्यालय प्ले ग्राउंड में होगा। प्रथम दिवस साहित्यिक गतिविधियों के अंतर्गत ट्रेजर हंट एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, वहीं खेल प्रतियोगिताओं में वॉलीबॉल, टग-ऑफ-वार और टेबल टेनिस का आयोजन होगा। कला एवं सृजनात्मक गतिविधियों में फेस पेंटिंग और इंडियन फोक आर्ट विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रदर्शित करेंगे।

मंगलवार, 17 फरवरी को डिबेट (सेमीफाइनल एवं फाइनल), स्लोगन राइटिंग और एक्सटेम्पोर जैसी साहित्यिक प्रतियोगिताएं होंगी। इसी दिन आउट ऑफ कैंपस मिनी मैराथन के साथ वॉलीबॉल, बैडमिंटन, शतरंज एवं कैरम प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। मेहंदी आर्ट और DIY क्राफ्ट जैसी कला गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

बुधवार, 18 फरवरी को ट्रेजर हंट, मॉक पार्लियामेंट और कवि सम्मेलन जैसे बौद्धिक आयोजन होंगे। खेल प्रतियोगिताओं में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज एवं कैरम का आयोजन किया जाएगा, जबकि वॉल ग्रैफिटी रचनात्मकता का विशेष प्रदर्शन बनेगी। फ्रेशर्स एक्टिविटी के माध्यम से नवप्रवेशी विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

गुरुवार, 19 फरवरी को प्रातः 11 बजे मेन स्टेज पर ‘सनातन संगम’ कार्यक्रम आयोजित होगा। दोपहर 1 बजे सामूहिक लंच के पश्चात 2 बजे आउटगोइंग बैचेज की विशेष प्रस्तुतियां होंगी तथा सायं 6 बजे फैशन शो का भव्य आयोजन किया जाएगा।

शुक्रवार, 20 फरवरी को बैटल ऑफ बैंड्स, मोनो एक्टिंग और स्टैंडअप कॉमेडी जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रातः 11 बजे से आरंभ होंगे।

शनिवार, 21 फरवरी को सोलो डांस, ग्रुप सिंगिंग एवं ग्रुप डांस प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। दोपहर 2 बजे फाइनलिस्ट्स की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी, 4 बजे पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा तथा सायं 6 बजे भव्य गाला इवनिंग के साथ महोत्सव का समापन होगा। ‘नशा मुक्त भारत, स्वस्थ भारत’ के संदेश के साथ मिनी मैराथन भी विशेष आकर्षण रहेगी।

महोत्सव के दौरान प्रत्येक श्रेणी — साहित्य, सांस्कृतिक, खेल एवं कला — में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों में से मिस्टर एवं मिस इवेंट का चयन किया जाएगा। प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र एवं आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। विश्वविद्यालय के विभिन्न संस्थानों एवं विभागों के विद्यार्थी उत्साहपूर्वक सहभागिता करेंगे, वहीं फूड एवं अन्य गतिविधि स्टॉल भी आयोजन को जीवंत बनाएंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से अधिकाधिक भागीदारी का आह्वान करते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि सुभारती महोत्सव 2026 युवा ऊर्जा, सांस्कृतिक चेतना और रचनात्मक उत्कृष्टता का प्रतीक बनकर एक नई प्रेरणा स्थापित करेगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *