सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार को गोरखपुर में जंगल तुलसीराम वार्ड के बिछिया मोहल्ले में महानगर के पांचवें कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वह निर्माणाधीन ताल रिंग रोड के दूसरे चरण के कार्यों का निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री पूर्वाह्न में जंगल कौड़िया ब्लॉक परिसर में नवनिर्मित मुख्य गेट, बीडीओ दफ्तर भवन के पुनर्निर्माण, सुदृढ़ीकरण, सुंदरीकरण व चाहरदीवारी निर्माण कार्य का लोकार्पण भी करेंगे।
महानगर में निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के लोगों के मांगलिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए एक वर्ष के भीतर चार कल्याण मंडपम का लोकार्पण कर चुके सीएम योगी शनिवार को बिछिया में 1120 वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्मित पांचवें कल्याण मंडपम की सौगात देंगे। सीएम योगी की विधायक निधि से 2.47 करोड़ रुपये में बने इस कल्याण मंडपम में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में एक साथ 300 व्यक्ति शामिल हो सकेंगे।
सीएम योगी ने करीब दो साल पहले कल्याण मंडपम का विजन दिया था। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सूबे का पहला कल्याण मंडपम खोराबार में निर्मित हुआ। जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्धन ने बताया कि 3 फरवरी 2025 को खोराबार में , 6 जून को सूरजकुंड में, 22 अगस्त को मानबेला और राप्तीनगर विस्तार क्षेत्र के टोला पीरू शहीद में में कल्याण मंडपम लोकार्पिंत हुए।
इसके अलावा जंगल बेनीमाधव, बशारतपुर, नकहा नंबर दो, महादेव झारखंडी टुकड़ा नम्बर दो और सेमरा में भी कल्याण मंडपम निर्माणाधीन हैं। लोकार्पण समारोह के मद्देनजर जीडीए उपाध्यक्ष ने शुक्रवार को सचिव पुष्पराज सिंह, ओएसडी प्रखर उत्तम, मुख्य अभियंता किशन सिंह समेत अन्य के साथ निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा ताल रिंग रोड के दूसरे चरण के निरीक्षण को देखते हुए शुक्रवार को जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने सचिव पुष्पराज सिंह व अन्य अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन रोड का निरीक्षण साफ-सफाई व अन्य तैयारियां जांचीं। रामगढ़झील के चारों तरफ बनाए जा रहे रिंग रोड के तहत पैडलगंज से स्मार्टव्हील शो रूम तक 2.60 किमी लम्बाई में 2 लेन सड़क का कार्य पूर्ण कर मुख्यमंत्री योगी की ओर से लोकार्पण के बाद आवागमन के लिए खोल दिया गया है। इसी क्रम में स्मार्टव्हील से सहारा इस्टेट तक 4 किमी लम्बाई में 02 लेन में सड़क का निर्माण कार्य प्रगति पर है। जीडीए उपाध्यक्ष के अनुसार, वर्तमान में लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, शेष कार्य जून तक पूरा हो जाएगा।
