
देहरादून, 9 नवम्बर — उत्तराखंड स्थापना दिवस के अवसर पर देहरादून के अग्रणी प्रतियोगी परीक्षा प्रशिक्षण संस्थान Tripod Academy द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। संस्थान ने घोषणा की है कि वह उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के आश्रितों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी का अवसर प्रदान करेगा।
संस्थान के संस्थापक निदेशक श्री रमन कृष्ण किमोठी ने राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती पर समस्त प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “शिक्षा ही राज्य निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है, और यह पहल उत्तराखंड राज्य आंदोलन के अमर योगदान को सच्ची श्रद्धांजलि है।”
संस्थान के निदेशक (प्रशासन) श्री विनीत सती ने इस पहल की औपचारिक घोषणा करते हुए इसे राज्य आंदोलनकारियों के प्रति श्रद्धासुमन और राज्य की 25वीं वर्षगांठ पर एक सार्थक योगदान बताया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रीमती दीप्ति भारद्वाज ने अपने संबोधन में Tripod Academy के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि “श्री रमन कृष्ण किमोठी उत्तराखंड के शैक्षिक व सामाजिक क्षेत्र में ध्वजवाहक की भूमिका निभा रहे हैं।” उन्होंने संस्थान को नित नई ऊँचाइयों की शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर उत्तर रेलवे जोन सदस्य श्री पंकज सती, अधिवक्ता अमित गुसाईं, शिक्षक भरत, कार्यक्रम संयोजिका निशा, तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
