यूपी के गोंडा में चंडीगढ़ डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस के हादसे के पीछे साजिश की आशंका भी सामने आ रही है। ट्रेन के लोको पायलट के अनुसार हादसे से ठीक पहले उसने धमाके की आवाज सुनी थी। लोको पायलट की सूचना के बाद रेलवे प्रशासन ने कई एंगल पर जांच शुरू कर दी है। पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ पंकज सिंह के अनुसार सीआरएस (कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी) की जांच कराई जाएगी। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है। छह लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सीएम योगी ने मामले का संज्ञान लिया है। योगी सरकार में राज्यमंत्री भी मौके पर पहुंचे हैं।

गोंडा-गोरखपुर रेलमार्ग पर मोतीगंज के रामपुर गांव के पास दोपहर करीब तीन बजे चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस की कई बोगियां पटरी से उतर गईं। इनमें पांच बोगियां पलट गई थीं। रेलवे व पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को लखनऊ भेजा गया है। डीएम नेहा शर्मा भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने चार लोगों की मौत की बात कही थी। हालांकि अन्य अफसर दो लोगों की मौत की बात कह रहे हैं। कई यात्रियों को डिब्बों से शीशे तोड़कर बाहर निकाला गया है।

मनकापुर-गोंडा के बीच झिलाही स्टेशन के पास हादसा हुआ है। चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस को चला रहे लोको पायलट ने खुलासा किया है कि हादसे के पहले उन्होंने धमाके की आवाज सुनी थी। इसकी पुष्टि पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने की है। दुर्घटना की कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी जांच के आदेश दिए गए हैं। वहीं, रेल मंत्रालय ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख, गंभीर रूप से घायल यात्रियों के लिए ढाई-ढाई लाख और सामान्य घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ पंकज सिंह ने हादसे में दो यात्रियों के मरने की पुष्टि की है, जबकि 25 यात्री घायल हुए हैं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *