गाजियाबाद के मुरादनगर के एक गांव में अंबेडकर पार्क में बुधवार देर रात असामाजिक तत्वों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति तोड़ दी। सुबह इस बारे में पता चलने पर बड़ी संख्या में इकट्ठा लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। एसीपी मसूरी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों ने आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

मुरादनगर थाना क्षेत्र के गांव सुठारी स्थित अंबेडकर पार्क में बुधवार देर रात असामाजिक तत्वों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति तोड़ दी। सुबह इस बारे में पता चलने पर बड़ी संख्या में इकट्ठा लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर भारी पुलिस फोर्स गांव में पहुंचा।

भारी संख्या में गांव में पुलिस तैनात

लोगों को समझाकर शांत किया। जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया है। शांतिव्यवस्था के मद्देनजर भारी पुलिस बल गांव में तैनात है। केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। शाम तक मूर्ति को सही करा दिया गया।

गांव सुठारी में आंबेडकर पार्क है। जहां चार महीने पहले ही डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति लगाई गई थी। बुधवार रात कुछ असामाजिक तत्वों ने इस मूर्ति को तोड़ दिया। गर्दन तोड़कर अलग फेंक दी गई। सुबह जब किसान वहां से गुजर रहे थे तो उनकी नजर मूर्ति पर गई। देखते ही देखते पूरे गांव में चर्चा फैल गई।

लोगों ने किया हंगामा

लोगों में आक्रोश पनप गया। आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचकर हंगामा करने लगे। सामाजिक व राजनीतिक दलों के लोग भी वहां पहुंचे। हंगामे की सूचना पर पुलिस में भी हड़कंप मच गया। एसीपी मसूरी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों ने आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। कहा यहां रात में असामाजिक तत्व घूमते रहते हैं, लेकिन पुलिस गश्त नहीं करती।

चार महीने के भीतर दूसरी घटना

काफी देर तक वहां गहमागहमी चलती रही। आसपास के थानों से भी पुलिस बल मंगाया गया। गांव में तनाव का माहौल बन गया। मामले में पुलिस ने तत्काल केस दर्ज किया। तब जाकर लोग शांत हुए। इसके बाद मूर्ति को सही कराया गया। जिला पंचायत सदस्य विकास यादव ने बताया कि चार महीने के भीतर यह दूसरी बार हुआ है। दो महीने पहले ही मूर्ति को क्षतिग्रस्त किया गया था। इसलिए मूर्ति को लोहे की ग्रिल कवर कराया जाना जरूरी है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *