57वीं श्रवण गंगा यात्रा भव्यता के साथ रवाना, ठंड में भी नहीं डिगा श्रद्धालुओं का उत्साह

सिकंदरा राऊ। प्रत्येक पूर्णिमा की पावन परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाते हुए इस पूर्णिमा पर भी 57वीं श्रवण गंगा यात्रा का भव्य आयोजन श्रवण गंगा सेवा समिति के तत्वावधान में किया गया।
यात्रा में विधानसभा सिकंदराराऊ, हाथरस, जलेसर, टूंडला, जसराना एवं सादाबाद सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सभी श्रद्धालुओं का एटा रोड, सिकंदराराऊ स्थित कार्यालय पर एकत्रीकरण हुआ।
कार्यालय पर भव्य श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। सुंदरकांड पाठ के उपरांत विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद यात्रा को हरी झंडी दिखाकर माँ गंगा के पावन तट के लिए रवाना किया गया।
इस अवसर पर श्रवण गंगा सेवा समिति के सचिव सूर्य प्रताप सिंह उर्फ सूरज ने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पूर्णिमा पर होने वाली यह यात्रा श्रद्धा, सेवा और संस्कार की प्रतीक बन चुकी है। 57वीं यात्रा का सफल आयोजन सभी श्रद्धालुओं के सहयोग और माँ गंगा के आशीर्वाद से ही संभव हुआ है।
कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं में अटूट उत्साह, अपार श्रद्धा और माँ गंगा के प्रति अगाध आस्था देखने को मिली। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए यात्रा में शामिल हुए।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समिति द्वारा की गई थीं। अंत में सचिव सूर्य प्रताप सिंह उर्फ सूरज ने सभी श्रद्धालुओं का हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी का प्रेम, स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही जीवन की सबसे अनमोल पूँजी है।
रिपोर्टर अर्जुन
सिकंदरा राऊ