मंगलवार 24 नवंबर की दोपहर को भारतीय बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने एक ऐसी पारी खेली, जिसने हर किसी मंत्र मुग्ध कर दिया। रनों की ही नहीं, बल्कि छक्कों की ऐसी सुनामी प्रियांश आर्या के बल्ले से देखने को मिली, जिसमें कई रिकॉर्ड तहस-नहस हो गए, जबकि वर्ल्ड रिकॉर्ड की उन्होंने बराबरी कर ली। टी20 क्रिकेट में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अभी तक न्यूजीलैंड के बल्लेबाज के नाम दर्ज था, लेकिन इसकी बराबरी अब इस भारतीय बल्लेबाज ने कर ली है।
प्रियांश आर्या ने तमिलनाडु के खिलाफ दिल्ली की ओर से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मुकाबले में एक-एक करके कुल 19 छक्के ठोक दिए। किसी भी टी20 टूर्नामेंट या टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में इससे पहले सिर्फ एक बार ही इतने ज्यादा छक्के एक बल्लेबाज ने एक टी20 मैच में जड़े थे। न्यूजीलैंड के फिन एलेन ने अमेरिका में खेली जाने वाली मेजर लीग क्रिकेट में 19 छक्के एक पारी में जड़े थे और अब इतने ही छक्के प्रियांश आर्या ने ठोक दिए। देखा जाए तो वे इस मामले में नंबर वन हैं, क्योंकि ज्यादा बाउंड्री उन्होंने ही लगाईं। 19 छक्कों के अलावा 7 चौके भी उनके बल्ले से आए, जबकि एलन ने 5 चौके उस पारी में लगाए थे।
प्रियांश आर्या ने महज 68 गेंदों में 7 चौके और 19 छक्कों की बदौलत 181 रनों की पारी खेली। 266.17 का स्ट्राइक रेट उनका था और इस मैच में दिल्ली की टीम ने तमिलनाडु की खतरनाक गेंदबाजी के खिलाफ 5 विकेट के नुकसान पर 275 रन बना दिए। वे टी20 मैच की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले पहले भारतीय भी बन गए हैं, क्योंकि इससे पहले 17 छक्के पुनीत बिष्ट ने मिजोरम के खिलाफ लगाए थे। वे मेघालय के लिए खेलते हैं। ये बात साल 2021 की है।
ओवरऑल टी20 क्रिकेट की बात करें तो प्रियांश आर्या और फिन एलन के बाद नाम वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज क्रिस गेल का आता है, जिन्होंने 18 छक्के एक टी20 मैच में जड़े हुए हैं। इसके अलावा साहिल चौहान ने एस्टोनिया के लिए खेलते हुए ये करिश्मा किया हुआ है। इसके अलावा फिर से इस लिस्ट में क्रिस गेल का नाम आता है, जो 17 छक्के भी एक टी20 मैच में जड़ चुके हैं। वे दो बार 17 या इससे ज्यादा छक्के एक टी20 मैच में जड़ने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं।