जिला अस्पताल के मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य विंग में चला हार्टफुलनेस का एकात्म अभियान
‘हर दिल ध्यान, हर दिन ध्यान’ के तहत तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित, प्रतिभागियों को सिखाए गए तनाव मुक्ति और ध्यान के सरल अभ्यास

ब्यूरो रिपोर्ट – रोहित विश्वकर्मा
सोनभद्र। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय एवं राज्य सरकार की पहल पर देश के आठ राज्यों के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सरकारी विभागों के सहयोग से हार्टफुलनेस का एकात्म अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत ‘हर दिल ध्यान, हर दिन ध्यान’ कार्यक्रम के तहत जनपद सोनभद्र के जिला अस्पताल परिसर स्थित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य विंग (एमसीएच) में तीन दिवसीय विशेष ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार एवं डॉ. डी.के. सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान प्रतिभागियों को ध्यान के माध्यम से मानसिक शांति, तनाव से मुक्ति और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के विभिन्न तरीके बताए गए। कार्यक्रम के सफल संचालन में हार्टफुलनेस वॉलंटियर्स डॉ. वैभव, आशीष सिंह, कंचन लता एवं राधिका देवी तथा हार्टफुलनेस ट्रेनर राजकुमार ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। वहीं हार्टफुलनेस ट्रेनर एवं डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर गोपाल ने तीन दिनों तक प्रतिभागियों को तनाव मुक्ति, आंतरिक शुद्धिकरण, ध्यान एवं स्वयं के आंतरिक स्वर से जुड़ने की विधियों का प्रशिक्षण दिया। साथ ही विभिन्न अभ्यासों के माध्यम से प्रतिभागियों को उनका प्रत्यक्ष अनुभव भी कराया गया। इस अवसर पर बताया गया कि हार्टफुलनेस हृदय आधारित सरल एवं प्रभावशाली अभ्यासों की एक पद्धति है, जो व्यक्ति के आंतरिक परिवर्तन में सहायक होती है। इसके नियमित अभ्यास से मानसिक संतुलन, आत्मिक शांति और सकारात्मक सोच विकसित होती है, जिससे व्यक्ति उद्देश्यपूर्ण, संतुलित एवं आनंदमय जीवन जीने की दिशा में आगे बढ़ सकता है।अंत में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इसी के साथ तीन दिवसीय हार्टफुलनेस कार्यक्रम का समापन हुआ।