मुझको अबला मत समझो, मैं झांसी वाली रानी हूं’ की गूंज से गूंजा कवि सम्मेलन, काव्य रचनाओं से लक्ष्मीबाई को किया नमन

ब्यूरो रिपोर्ट – रोहित विश्वकर्मा
सोनभद्र। झांसी की रानी महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती की पूर्व संध्या पर सोनभद्र बार एसोसिएशन सभागार, कचहरी में भव्य काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। सोनभद्र बार एसोसिएशन के सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रकोष्ठ तथा शहीद स्थल करारी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में कवियों ने वीर रस, ओज, राष्ट्रवाद और देशभक्ति से ओतप्रोत रचनाओं के माध्यम से महान वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। कवियों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने देर शाम तक श्रोताओं को बांधे रखा। कार्यक्रम की अध्यक्षता बार एसोसिएशन अध्यक्ष अशोक प्रसाद श्रीवास्तव ने की तथा मुख्य अतिथि के रूप में बार एसोसिएशन के महामंत्री योगेश द्विवेदी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ महारानी लक्ष्मीबाई एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद दिवाकर द्विवेदी ‘मेघ’ ने वाणी वंदना प्रस्तुत कर काव्य संध्या का आगाज किया। कवयित्री कौशल्या कुमारी चौहान ने नारी सशक्तिकरण पर अपनी प्रभावशाली रचना प्रस्तुत करते हुए कहा, “देश ही मेरा सबकुछ है, मैं देश की दीवानी हूं, मुझको अबला मत समझो, मैं झांसी वाली रानी हूं।” उनकी इस ओजपूर्ण प्रस्तुति पर सभागार तालियों से गूंज उठा। आयोजन के संयोजक एवं शहीद स्थल करारी के निदेशक प्रद्युम्न त्रिपाठी एडवोकेट ने अपनी वीर रस की रचना के माध्यम से महारानी लक्ष्मीबाई के शौर्य और पराक्रम का चित्रण किया। उनकी पंक्तियां, “झांसी की रानी का पानी हिंदुस्तानी बोला, भागो फिरंगी हिंदुस्तान ये हमारा है, दत्तक दामोदर को बांध पीठ कूदी, समर ब्रह्म तेज जागा, अरि सैन्य को ललकारा है” ने श्रोताओं में देशभक्ति का उत्साह भर दिया। धर्मेश चौहान ने देशगीत, दयानंद दयालु ने लोकभाषा की रचना तथा मदन चौबे ने अपनी समसामयिक रचना से काव्य संध्या को नई ऊर्जा प्रदान की। सोन साहित्य संगम के प्रमुख राकेश शरण मिश्र ने 1857 की क्रांति की वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई को स्मरण करते हुए भावप्रधान रचना का पाठ किया, जिसे श्रोताओं ने सराहा। शहीद स्थल उपधी के सुधाकर पांडेय ‘स्वदेश प्रेम’ ने ‘वंदेमातरम् जय हिंद’ शीर्षक से ओजस्वी काव्यपाठ कर देश की वर्तमान दशा और दिशा पर चिंतन प्रस्तुत किया। अजय चतुर्वेदी ‘कक्का’ ने हास्य-व्यंग्य और समसामयिक रचनाओं के जरिए समाज एवं देश की विसंगतियों पर तीखी टिप्पणी की। वहीं विवेक चतुर्वेदी ने शायरी प्रस्तुत करते हुए कहा, “बात कहने का सलीका क्या है, ये तुम्हें शायरी सिखाएगी”, जिस पर खूब वाहवाही मिली। ओज के सशक्त हस्ताक्षर प्रभात सिंह चंदेल ने ‘सैनिक की पाती’ रचना के माध्यम से सैनिकों के त्याग और समर्पण का भावपूर्ण चित्रण किया। उनकी प्रस्तुति ने श्रोताओं को भावुक करते हुए देश के प्रति अपने कर्तव्यों पर सोचने को विवश किया। सोन संगीत फाउंडेशन के प्रमुख सुशील मिश्रा ने सस्वर देशगीत प्रस्तुत कर शहीदों को नमन किया। कार्यक्रम का संचालन कर रहे अशोक तिवारी ने भी अपनी रचनाओं के माध्यम से महारानी लक्ष्मीबाई के शौर्य और राष्ट्रप्रेम को याद किया। देर शाम तक चले इस साहित्यिक आयोजन में श्रोताओं की अच्छी भागीदारी रही। कार्यक्रम के अंत में ऋषभ त्रिपाठी ने सभी अतिथियों, कवियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर त्रिपुरारी मिश्रा, प्रदीप सिंह, जयशंकर त्रिपाठी, ओमप्रकाश पाठक, गोपाल बंगाली, बंटी हर्ष, देवानंद पांडेय, गुलाम हुसैन, फारुख अली, हास्मी ठाकुर, कुशवाहा, पुरुषोत्तम मौर्य, अंशिका, आद्या, समता, गीता गौर, एडवोकेट अजीत शुक्ल, नंदलाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।